Kurukshetra News, (आज समाज), कुरुक्षेत्र : हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव चल रहा है, जिसमे देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं और गीता महोत्सव का लुत्फ़ उठा रहे हैं, लेकिन इस बीच ज़रा सी लापरवाही का खामियाजा कितना बड़ा उठाना पड़ सकता है ये भी देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान ब्रह्मसरोवर में एक महिला के डूबने की दुखद घटना सामने आई। गुरुवार देर शाम जब ब्रह्मसरोवर के पूर्वी तट पर एक महिला को पानी में तैरता देख मौके पर मौजूद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
गीता महोत्सव में शामिल होने के लिए ब्रह्मसरोवर आई थी महिला
SDRF इंचार्ज राजेश हुड्डा के मुताबिक टीम बोट से गश्त कर रही थी तभी पानी में कुछ तैरता दिखाई दिया, जांच करने पर पता चला कि एक महिला डूब रही थी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत महिला को बाहर निकाला और LNJP अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान शांति देवी (42) के रूप में हुई है, जो फिलहाल किराएदार के रूप में धुराला (थाना झांसा क्षेत्र, कुरुक्षेत्र) में रह रही थी, लेकिन मूल रूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि मृतका शांति देवी गीता महोत्सव में शामिल होने के लिए ब्रह्मसरोवर आई थीं।
SDRF की स्पेशल टीम की तैनाती की हुई
वहीं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सीओ पंकज ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान काफी संख्या में पर्यटक ब्रह्म सरोवर पर आते हैं, जिसको लेकर हमने SDRF की स्पेशल टीम की तैनाती की हुई है और हम समय-समय पर अनाउंसमेंट भी करते रहते हैं कि सभी पर्यटक ब्रह्म सरोवर के पानी से दूर रहे, सावधानी बरतें, बावजूद इसके ये हादसा हो गया, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Kaithal Accident News : कैथल जिले में अलग-अलग दो सड़क हादसों में तीन की मौत, दो घायल, परिवारों में पसरा मातम