BJP members increase in size, number of members increased to 18 croresभाजपा सदस्यों की संख्या में भारी इजाफा, सदस्यों की संख्या बढ़कर हुई 18 करोड़

0
268

नई दिल्ली। भाजपा पूरे देश में जोर शोर से पार्टी का सदस्यता अभियान चला रही है। इस अभियान के बारे में गुरुवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की सदस्यता में 7 करोड़ की वृद्धि होने जा रही है। 11 करोड़ सदस्यों में इन सदस्यों के जुड़ने से अब पार्टी के सदस्यों की संख्या 18 करोड़ होगी। नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि पहले हमारी (भाजपा की) सदस्य संख्या 11 करोड़ थी। इस बार सदस्यता अभियान के दौरान 5 करोड़ 81 लाख 34 हजार 242 लोगों ने आॅनलाइन माध्यम से सदस्यता ली। यह पिछली सदस्य संख्या का 50 प्रतिशत से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि 62 लाख 35 हजार 967 लोगों ने आॅफलाइन माध्यम से सदस्यता ली है और बड़ी संख्या में मिस्ड काल के माध्यम से भी सदस्यता ली गई है। इन सभी आंकड़ों को जोड़ लें तब यह संख्या 7 करोड़ हो जायेगी। नड्डा ने कहा कि पार्टी सदस्यता अभियान का शुभारंभ 6 जुलाई को वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इसकी समाप्ति 20 अगस्त को हुई। ये एक सफल अभियान रहा है। उन्होंने कहा कि मिस्ड काल से जुड़ी सदस्यता के बारे में जहां सर्वर वीक था वहां के आंकड़े आने बाकी हैं। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यता अभियान के दौरान सभी वर्गों में रुझान देखा गया। सेना के अफसर, खिलाड़ी और समाज के सभी वर्ग के लोगों ने भाजपा में शामिल होने में अपनी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा, ” पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा की सदस्यता को लेकर विशेष रुझान दिखा। उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान तो समाप्त हो गया है, लेकिन सदस्यता की प्रक्रिया चलती रहेगी। नड्डा ने बताया कि अब सितंबर में सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान शुरू होगा।

SHARE