In Karnataka Democracy won – PM Modi: कर्नाटक में जो हुआ, वो जनमत की भी जीत और लोकतंत्र की भी जीत-पीएम मोदी

0
345

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के प्रचार के लिए पहुंचे थे। सोमवार को बरही के रसोइधमना में उन्होंने रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम ने कर्नाटक की जीत को जनमत की जीत बताया। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में जो हुआ, वो जनमत की भी जीत है, लोकतंत्र की भी जीत है। कर्नाटक चुनाव के दौरान वहां की जनता ने, भाजपा को सरकार बनाने के लिए अपना मत दिया था। उन्होंने यहां कर्नाटक की जनता का धन्यवाद किया और आभार व्यक्त किया। कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस औऱ उसके साथियों की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और विकास के साथ लापरवाही देखी थी। इसलिए उन्होंने भाजपा को वोट दिया था। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर इस जनमत को धोखा दे दिया था, सांठगांठ करके अपनी सरकार बना ली थी। पीएम मोदी ने झारखंड में कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगियों को कठपुतली की तरह प्रयोग करती है। अपने मतलब के लिए गठबंधन करती है और कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरती है। हजारीबाग के ही बाबू रामनारायण सिंह उन गिने चुने लोगों में से थे, जिनको कांग्रेस का छल-कपट आजादी के समय ही नजर आ चुका था। हजारीबाग के इस सपूत ने साफ कह दिया था कि कांग्रेस भारत में भ्रष्टाचार के दलदल को जन्म देने वाली है। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश में ये मांग उठती रही कि झारखंड और देश के करोड़ों ओबीसी परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला ये काम न किया न होने दिया।

SHARE