Rain increases in Himachal Haryana-Punjab: हिमाचल, हरियाणा-पंजाब में बारिश ने बढ़ाई ठंड

0
409

चंडीगढ़। हरियाणा व पंजाब के कई जिलों में मंगलवार को अलसुबह बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। सर्द मौसम में हुई इस पहली बारिश ने ठंड को बढ़ा दिया है, जिसके कारण लोग अपने घरों पर दुबकने को मजबूर हो गए। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बारिश की संभावना बनी रहेगी।

हिमाचल की पर्वत श्रंखलाओं पर मंगलवार सुबह से ही रूक-रूक कर हिमपात हो रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चंबा जिलों की चोटियों पर ताजा बर्फबारी से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। कांगड़ा के धौलाधार और सिरमौर के पवित्र धार्मिक स्थल चूड़धार में भी बर्फबारी हुई है। शिमला जिले की चांशल की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। उधर, पर्यटन स्थल कुफरी में बर्फ के फाहे गिरे। कुफरी में बर्फबारी की संभावना के चलते सैलानियों ने भी डेरा डालना शुरू कर दिया है। शिमला शहर व आस-पास के क्षेत्रों में बफीर्ली हवाओं के साथ मंगलवार को हल्की वर्षा हुई। कई अन्य जिलों में भी मौसम खराब है।

आमसानी बिजली गिरने से चिकित्सक की मौत
गांव बुर्ज में पेड़ के नीचे खड़े आरएमपी चिकित्सक पर आसमानी बिजली गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राजपाल उर्फ राजू (27) निवासी गांव बुर्ज गांव में आरएमपी चिकित्सक था। वह सुबह अपने पिता के साथ खेतों में गया था। मौसम खराब होने पर पिता-पुत्र अपने घर आ रहे थे, इसी दौरान बरसात तेज हो गई। इस पर राजपाल अपने पिता के साथ एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। बताया गया है कि इसी दौरान आसमानी बिजली गिरने से राजपाल बुरी तरह से झुलस गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

SHARE