CM mourns the death of senior journalist Rajesh Bhambi: सीएम ने सीनियर पत्रकार राजेश भांबी के देहांत पर जताया शोक

0
530

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सीनियर पत्रकार राजेश भांबी के अचानक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। भांबी जो कुछ समय से किडनी की बीमारी के चलते उपचाराधीन थे, ने रविवार को दीप अस्पताल लुधियाना में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने भी इस दुख की घड़ी में शरीक होते हुए भांबी परिवार के साथ दुख साझा किया। राजेश भांबी अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए। भांबी जो उम्र के 60वें वर्ष में थे, का अंतिम संस्कार उनके बेटे के कनाडा से लौटने पर किया जाएगा। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राजेश भांबी जो इस समय इंडिया न्यूज (आई टीवी) के ब्यूरो चीफ थे, के देहांत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि उनके चल जाने से केवल उनके परिवार को ही नहीं बल्कि पूरे मीडिया जगत को क्षति हुई है। समूचा पत्रकार भाईचारा उनके फोटो पत्रकारिता और विभिन्न संस्थाओं के लिए पंजाब से रिपोर्टिंग करते हुए कायम किए मील के पत्थरों स्वरूप सदा याद करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। रवीन ठुकराल ने राजेश भांबी के अकाल निधन को निजी क्षति बताते हुए उनको एक महान पत्रकार और गरिमापूर्ण तथा मिलनसार शख़्िसयत बताया। उन्होंने कहा कि भांबी के चले जाने से उन्होंने एक निजी दोस्त खो दिया है। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
कई नामी अखबारों से रहा नाता
श्री भांबी ने अपना करियर रायटर्ज के लिए पंजाब से स्ट्रिंगर के तौर पर शुरू किया था। वह इंडिया टुडे के लिए पंजाब और द ट्रिब्यून के लिए लुधियाना से फोटो पत्रकार रहे। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्ज के लिए पंजाब से स्ट्रिंगर के तौर पर भी काम किया। उन्होंने अपने पेशेवर करियर में इंडिया न्यूज के ब्यूरो चीफ और पंजाब केसरी के पत्रकार के तौर पर भी काम किया।
सुखबीर सिंह बादल ने जताया शोक
चंडीगढ़। शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट राजेश भांबी के किडनी की बीमारी के कारण आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि लुधियाना एक वरिष्ठ पत्रकार से वंचित हो गया है, क्योंकि एक फोटो जर्नलिस्ट के अलावा राजेश भांबी कई प्रमुख मीडिया संगठनों के ब्यूरो हेड भी रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजेश भांगी आज समाज तथा इंडिया न्यूज के ब्यूरो थे तथा इससे पहले उन्होंने पंजाब केसरी, द ट्रिब्यून तथा द हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ काम किया था।

SHARE