BJP released the list of 78 candidates, many leaders cut their tickets: भाजपा ने जारी की 78 उम्मीदवारों की लिस्ट, कई नेताओं के टिकट कटे

0
189

नई दिल्ली, एजेंसी। हरियाणा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए माथापच्ची कल देर रात तक चलती रही। इसके बाद आज भाजपा ने 78 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। हरियाणा निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सूची जारी की। सूची के अनुसार भाजपा ने 38 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया है। इस बार चुनावों में मौजूदा सात विधायकों को झटका लगा है और उनके टिकट काट दिए गए हैं। इसमें मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह (बादशाहपुर -गुरुग्राम) और विपुल गोयल (फरीदाबाद) शामिल हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव (अटेली) को भी टिकट नहीं दिया गया है।
पहली सूची में नौ महिलाओं को टिकट दिया गया है। इस बार भाजपा ने खेल क्षेत्र की तीन हस्तियों को टिकट दिया है। ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त को बरोदा, महिला पहलवान बबीता फोगाट को दादरी और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार संदीप सिंह को पिहोवा से उम्मीदवार बनाया गया है। शिरोमणि अकाली दल छोड़ कर आये सरदार बलकौर सिंह को उनकी पुरानी सीट कलावाली से टिकट दिया गया है।
निवर्तमान मंत्री अनिल विज (अंबाला छावनी), कैप्टन अभिमन्यु (नारनौंद), ओमप्रकाश धनखड़ (बादली) अपना टिकट बचाने में सफल रहे हैं इन्हें भाजपा ने चुनावों के लिए टिकट दिया है। राव नरवीर सिंह की जगह भारतीय जनता युवा मोचार् के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला को टोहाणा से प्रत्याशी घोषित किया गया है। राज्य विधानसभा में कुल 90 सीट हैं। भाजपा ने हरियाणा में 90 में से 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

SHARE