रविवार शाम को दिल्ली में हुई तेज बारिश व 96 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं

Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में मई की तरह जून की शुरुआत भी शानदार मौसम के साथ हुई। रविवार एक जून को शाम के समय मौसम में बदलाव आया और तेज गति से हवाएं चलीं इसके साथ बारिश हुई जिससे तापमान में कमी हुई और मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएंगी।

ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने 2-3 जून के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने शाम 7:30 बजे तक दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की। कई इलाकों में बारिश का यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है।

96 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा

मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम सबसे तेज हवा शाम 4:30 बजे पालम में चली। इस दौरान हवा की गति 96 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, शाम 5:05 बजे सफदरजंग में 80, प्रगति मैदान में शाम 5:15 बजे 81 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा दर्ज हुई। सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक कुल 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तरी पाकिस्तान पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर हरियाणा पर एक चक्रवाती परिसंचरण है। अरब सागर से आई नमी के कारण बारिश हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 37.9 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 45 फीसदी रहा।

कई जगह हुआ जलभराव

रविवार को हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहन रेंगते हुए नजर आए। कई जगहों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। धौला कुआं, मिंटो रोड, लाजपत नगर, पश्चिम विहार और सराय काले खां जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : आयकर अधिकारी के घर से मिला करोड़ों रुपए का सोना व नकदी