प्रदेश में 17 अगस्त तक मौसम रहेगा खराब
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 7 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल है। इन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में हल्की व मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। वहीं इससे पहले गत गुरुवार कई जिलों में बारिश हुई, और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।

बारिश का सबसे ज्यादा असर जींद में देखने को मिला था जहां पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं थी, और कई घरों के अंदर पानी घुस गया था। गुरुग्राम में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई। चरखी दादरी में करंट से किसान की मौत हो गई थी। इस मासून सीजन में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। यमुनानगर में सबसे अधिक 700 एमएम बारिश हुई है, जबकि कैथल में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश की गतिविधियां अगले तीन दिन तक जारी रहेंगी।

16 अगस्त को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में बारिश का यलो अलर्ट

आईएमडी के अनुसार 16 अगस्त को 3 जिलों अंबाला, यमुनानगर, करनाल, में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं पूवार्नुमान के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद,हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, जींद, कैथल, रोहतक, झज्जर में 25 से 50 प्रतिशत, और पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कुरूक्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है।

17 को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

17 अगस्त को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है लेकिन अलर्ट नहीं है। पूर्व अनुमान के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी,जींद, कैथल और कुरूक्षेत्र में 25 से 50 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं चरखी दादरी,महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, झज्जर, रोहतक, पंचकुला, अंबाला,यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना है।