ठंड में होगा इजाफा, आंशिक बादलवाई रहने की भी संभावना
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग की ओर से हरियाणा में 2 दिन तक गहरी धुंध पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। जिन 10 जिलों में धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उनमें रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, भिवानी, चरखी-दादरी, झज्जर और रोहतक शामिल है। इन जिलों में 2 दिन तक गहरी धुंध पड़ सकती है। मौसम विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। 28 नवंबर तक बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में कमी आएगी। वहीं प्रदेश के 12 शहरों का तापमान 8 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
कैथल का कौल रहा सबसे ठंडा, 5.5 डिग्री दर्ज किया गया तापमान
न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन यह सामान्य से 2.1 सेल्सियस कम रहा। हरियाणा में सबसे कम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस कौल (कैथल) में दर्ज किया गया। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह के समय कोहरे और ठंड से बचाव के उपाय करें।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में दर्ज की जा रही गिरावट
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखी गई है।
वहीं राज्य में औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान सामान्य के करीब ही बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस पलवल वाटर सर्विस डिवीजन में रिकॉर्ड किया गया।