तापमान में आएगी गिरावट
(आज समाज), चंडीगढ़: मौसम विभाग की ओर से पंजाब में 3 दिन तक शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया। इस दौरान कई इलाकों में सुबह-शाम के वक्त धुंध पड़ने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। फरीदकोट, फिरोजपुर, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा और जालंधर के कुछ इलाकों में कोल्ड वेव चलने की आशंका है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।
पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में करीब 3 किमी ऊंचाई तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 7 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। कई इलाकों में सुबह हल्की से मध्यम धुंध पड़ने की संभावना है। रात के तापमान में अगले 3 दिन में 2 से डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
पठानकोट और बठिंडा सबसे ठंडे
पिछले 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जिससे तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। पठानकोट और बठिंडा सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है।
धूप निकलने मिली राहत
सोमवार को पंजाब के ज्यादातर शहरों में अच्छी धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि इसके बावजूद दिन के तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड हुआ, जबकि फाजिल्का में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।