22 सितंबर को पुलिस ने डॉ. मंजीत के खिलाफ दर्ज किया था केस
Yamunanagar CMO Death, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: हरियाणा के यमुनानगर तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह की गत दिवस हार्ट अटैक से मौत हो गई। कुरुक्षेत्र के गांव कुरड़ी में स्थित पुश्तैनी मकान में डॉ. मंजीत सिंह की मौत हुई। 22 सितंबर को डॉ. मंजीत सिंह पर एक महिला स्वास्थ्य कर्मी ने गंभीर यौन शोषण के आरोप लगाए थे जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। डॉ. मंजीत सिंह ने एंटीसिपेट्री बेल के लिए न्यायालय में अर्जी दी थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली थी।

इसके बाद वे पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में अपील करने की तैयारी में थे। चर्चा यह भी है कि यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज होने के बाद से ही वह तनाव में थे। केस दर्ज होने के बाद से ही वह फरार थे। जिसके चलते आत्महत्या की है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। डॉ. मंजीत सिंह के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बेटे स्वास्तिक के यूएसए से लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बेटे के यूएसए से लौटने के बाद होगा अंतिम संस्कार

कुरुक्षेत्र स्थित एलएनजेपी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया और उनके ब्लड का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया। शव को डीप फ्रीजर में रखा गया है। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद बेटा स्वास्तिक भारत के लिए रवाना हो गया है। उम्मीद है कि वह मंगलवार देर शाम तक पहुंच जाएगा, जिसके बाद बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

महिला कर्मी ने ये लगाएं थे आरोप

स्वास्थ्य विभाग में तैनात महिला कर्मी ने आरोप लगाया था कि सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह उसके साथ अश्लील बातें करते हैं। वह अक्सर कार्यालय में नशे की हालत में पहुंचते थे। जिससे असहजता महसूस होती है। बिना किसी कारण वह उसे कार्यालय में बुलाते।

आरोप था कि उसे जातिसूचक शब्द कहे गए। मोबाइल पर काल कर अश्लील बातें की गई। मिलने का दबाव बनाया गया। इसमें फ्लीट मैनेजर सचिन का भी दबाव है। मामले में महिला थाना पुलिस ने 22 सितंबर को केस दर्ज किया था।