कहा, पंजाब के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी का नाम फिर से रोशन किया
Punjab CM Breaking News (आज समाज), जालंधर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से हॉकी की प्राचीन शान को बहाल करने का अपना लक्ष्य दोहराया है। मान ने कहा कि शुरू से ही भारतीय हॉकी टीम को पंजाब के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहाकि वर्तमान टीम में भी कप्तान सहित कई खिलाड़ी पंजाब से खेल रहे हैं जोकि गर्व की बात है। सीएम मान ने यह शब्द पंजाब हॉकी लीग 2025 के फाइनल मैच के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व और संतुष्टि का विषय है कि पहली जूनियर हॉकी लीग पंजाब हॉकी और राउंड ग्लास अकादमी द्वारा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह हॉकी के क्षेत्र में अब तक की सबसे अधिक इनामी राशि वाली लीग है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह लीग मोहाली से शुरू हुई थी और इसके फाइनल मुकाबले जालंधर में खेले जा रहे हैं। इस दौरान लेजेंड इलेवन की अगुवाई भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान ओलंपियन गगन अजीत सिंह ने की, जो वर्तमान में मालेरकोटला के एसएसपी हैं, जबकि स्टार इलेवन की अगुवाई मौजूदा भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने की।
सुरजीत हॉकी स्टेडियम ने हॉकी के विकास में अहम भूमिका निभाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरजीत हॉकी स्टेडियम ने भारतीय हॉकी के इतिहास में बेहद अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इसे खुशी का क्षण बताया क्योंकि 1975 का हॉकी विश्वकप जीतने वाले खिलाड़ी और 2001 में जूनियर विश्वकप जीतने वाले खिलाड़ी इस स्टेडियम में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने हॉकी की तीन पीढ़ियों को एक साथ जोड़ा है और पंजाब का देश के लिए खेलों में सबसे बड़ा योगदान हॉकी में रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब जूनियर हॉकी लीग का फाइनल है और इसकी खास बात यह रही कि इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से टीमें खेलने आईं। उन्होंने कहा कि इस जूनियर हॉकी लीग में अब तक की सबसे अधिक इनामी राशि रखी गई थी। यह लीग मोहाली से शुरू हुई और अब इसका फाइनल दोआबे की धरती जालंधर में खेला जा रहा है।
एशिया कप जीतने वाली टीम में पंजाब के 9 खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में एशिया कप जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में नौ खिलाड़ी पंजाब से थे। उन्होंने कहा कि पिछले दो ओलंपिक खेलों में, जहां भारत ने पदक जीते, हर बार पंजाब के नौ खिलाड़ी टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने कहा कि जालंधर को पंजाब की स्पोर्ट्स कैपिटल कहा जाता है और बरलटन पार्क, सुरजीत हॉकी स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉलेज दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में जालंधर के चार खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, हार्दिक सिंह और सुखजीत सिंह शामिल थे।