कहा, पंजाब के हर वर्ग की सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को समझने में सफल हुई पंजाब सरकार
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम भगवंत सिंह सिंह मान ने प्रदेश को फिर से समृद्ध, गतिशील और रंगला पंजाब बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सभी प्रदेशवासियों को इसके लिए संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाकर इसकी प्राचीन शान को बहाल करने का संकल्प लें, ताकि एक समृद्ध और गतिशील रंगीला पंजाब बनाया जा सके।
पंजाबियों ने देश की अखंडता के लिए लड़ाई लड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि जब भी हमारे देश की संप्रभुता को बाहरी और आंतरिक हमलों से खतरा हुआ, तब बहादुर पंजाबियों ने देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सीना तानकर लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस खुशी और उत्सव का अवसर होने के साथ-साथ राज्य के तेजी से विकास के लिए आत्म-निरीक्षण और नए लक्ष्य निर्धारित करने का भी महत्वपूर्ण क्षण है। भगवंत सिंह मान ने लोगों से एक सौहार्दपूर्ण और समानता वाला समाज सुनिश्चित करके स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने के लिए खुद को फिर से समर्पित करने की अपील की।
प्रदेश के विकास और प्रगति के लिए साहसिक निर्णय लिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पंजाब के विकास और प्रगति के लिए ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में कई गारंटियों को पूरा किया है। पंजाब सरकार की असाधारण पहलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने एक ऐतिहासिक योजना मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू की है, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को सरकारी या निजी अस्पताल में 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना में किसान, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी शामिल होंगे। इसके लिए कोई आय सीमा नहीं है और पंजाब के सभी तीन करोड़ निवासी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वर्तमान में 881 आम आदमी क्लीनिक चल रहे हैं, जहां प्रतिदिन 70,000 लोग इलाज करवाते हैं और जल्द ही 200 और क्लीनिक खोले जाएंगे।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : पंजाब की जेलें अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस : भुल्लर