- व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी
- हमलावर कैलिफोर्निया का, वह मानसिक रूप से बीमार
White House Shooting,(आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। वारदात (स्थानीय समय अनुसार) शानिवार शाम की है।
डोनाल्ड ट्रंप व फर्स्ट लेडी सहित अंदर कई थे मौजूद
रिपोर्ट्स के अनुसार जब फायरिंग हुई, उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट अन्य कई सदस्य अंदर मौजूद थे। वे सभी सुरक्षित हैं। पीएम मोदी ने सभी के कुशलक्षेम की कामना की है। वाशिंगटन हिल्टन की लॉबी में सबसे पहले कथित तौर पर गोली चलने की आवाजें सुनी गईं। इसके बाद टैक्टिकल टीमों ने तुरंत ट्रंप व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
मोदी ने एक्स पर दी अपनी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी ने हमले को लेकर एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंंने लिखा, यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं। मोदी ने कहा, उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए मेरी शुभकामनाएं हैं। पीएम ने दोहराया कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी एकमत से निंदा की जानी चाहिए।
ट्रंप ने की सुरक्षा अधिकारियों की तारीफ
ट्रंप ने गोलीबारी की घटना के दौरान सुरक्षा अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होंने पेन्सिलवेनिया और फ्लोरिडा में उन पर हुए पिछले जानलेवा हमलों को भी याद किया। गोलीबारी की घटना के बाद प्रेस ब्रीफिंग रूम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में गोली चलाने वाला व्यक्ति कैलिफोर्निया का रहने वाला है और वह ‘मानसिक रूप से बीमार’ है।
हमलावर पूरी तरह से काबू में

ट्रंप ने कहा, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और डीसी पुलिस ने अभी-अभी मेयर से बात की है। आप हमलावर को अलग-अलग स्थितियों में देख सकते हैं, लेकिन आप यह भी देख सकते हैं। वह पूरी तरह से काबू में है। उन्होंने कहा, पिछले कुछ साल में यह पहली बार नहीं है कि हमारे गणतंत्र पर किसी ऐसे हत्यारे ने हमला किया हो, जिसने दो साल से भी कम समय पहले बटलर, पेन्सिलवेनिया में जान लेने की कोशिश की थी और उसके कुछ महीनों बाद पाम बीच, फ्लोरिडा में भी हम बाल-बाल बचे थे। सचमुच, कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक बार फिर बहुत बढ़िया काम किया है।
बेहतर सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर जोर
अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हिल्टन में हुई सुरक्षा चूक का जिक्र कर बेहतर सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने व्हाइट हाउस में बनवाए जा रहे बॉलरूम के पक्ष में भी तर्क दिया। उनका कहना था कि यह नई इमारत भविष्य के कार्यक्रमों के लिए ज्यादा सुरक्षित जगह साबित होगी। ट्रंप ने कहा, ड्रोन-प्रूफ है और इसमें बुलेटप्रूफ शीशे लगे हैं। हमें इस बॉलरूम की सख़्त जरूरत है। यही वजह है कि सीक्रेट सर्विस और सेना भी इसकी मांग कर रही है।
यह भी पढ़ें : White House Dinner: व्हाइट हाउस डिनर में गूंजीं गोलियां, ट्रंप ने झुककर बचाई जान, मच गया अफरा-तफरी का माहौल


