PM Modi News : जब फैसले समय पर होते हैं, तो जवाबदेही तय होती है : पीएम मोदी

0
119
PM Modi News : जब फैसले समय पर होते हैं, तो जवाबदेही तय होती है : पीएम मोदी
PM Modi News : जब फैसले समय पर होते हैं, तो जवाबदेही तय होती है : पीएम मोदी

पिछले एक दशक में देश की आर्थिक विकास यात्रा को मील का पत्थर बताया

PM Modi News (आज समाज), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जब फैसले समय पर होते हैं, समन्वय मजबूत होता है और जवाबदेही तय होती है, तो सरकारी कामकाज की रफ्तार अपने आप बढ़ती है और उसका सीधा असर नागरिकों के जीवन में दिखता है। प्रगति मंच की 50वीं बैठक में उन्होंने पिछले एक दशक की यात्रा को ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया और कहा कि इस अवधि में शासन की कार्यसंस्कृति में बड़ा बदलाव आया है, जिससे निर्णय लेने और योजनाओं को जमीन पर उतारने की गति तेज हुई है।

पांच अहम बुनियादी परियोजनाओं की समीक्षा की

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रगति सिर्फ एक समीक्षा बैठक नहीं, बल्कि टीम इंडिया की भावना और सहकारी संघवाद का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने सड़क, रेल, बिजली, जल संसाधन और कोयला जैसे क्षेत्रों की पांच अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की, जो पांच राज्यों में फैली हैं और जिनकी कुल लागत 40,000 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व की कई लंबित परियोजनाएं अब पूरी हो चुकी हैं।

श्री योजना भविष्य की राष्टÑीय मानक योजना

पीएम श्री योजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसे समग्र और भविष्य के लिए तैयार स्कूली शिक्षा का राष्ट्रीय मानक बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजना का क्रियान्वयन ढांचागत नहीं, बल्कि परिणाम केंद्रित होना चाहिए। सभी मुख्य सचिवों से उन्होंने पीएम श्री योजना की कड़ी निगरानी करने और इन स्कूलों को राज्य सरकारों के अन्य स्कूलों के लिए बेंचमार्क बनाने को कहा। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी दौरे कर मूल्यांकन करने की सलाह दी।

अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्धता जरूरी

प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रगति का विचार उनके गुजरात के मुख्यमंत्री रहते समय आया था। उस समय उन्होंने तकनीक आधारित जनशिकायत निवारण मंच शुरू किया था, जिससे अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इसी अनुभव ने आगे चलकर प्रगति का स्वरूप लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में आने के बाद उसी भावना को राष्ट्रीय स्तर पर प्रगति के माध्यम से लागू किया गया। बड़े प्रोजेक्ट, प्रमुख कार्यक्रम और जनशिकायत निवारण को एकीकृत मंच पर लाकर समीक्षा, समाधान और फॉलो-अप की व्यवस्था की गई, जिससे कामकाज में गति और पारदर्शिता बढ़ी।

ये भी पढ़ें : New Year 2026 Celebration : पूरे विश्व में नए साल का शानदार आगाज