पहाड़ों में भारी हिमपात की संभावना, मैदानों में गिरेगा दिन और रात का पारा
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में सर्दी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखा रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तापमान में लगातार गिरावट आ रही है और ठंड से लोग परेशान होना शुरू हो गए हैं। हालांकि यह परेशानी केवल सुबह और शाम हो ही महसूस की जा रही है क्योंकि दिन के समय धूप खिलने से ठंड से राहत मिल रही है। लेकिन जल्द ही ठंड अपना असर दिखाएगी। भारतीय मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 27-28 नवंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हिमपात होगा जिससे मैदानों में ठंड का असर बढ़ेगा।
पहाड़ों में शून्य से नीचे चल रहा तापमान
उत्तरी भारत के पर्वतीय राज्यों में अभी से कई जगह पर तापमान माइनस में चल रहा है। रविवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। दिन का अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री रहा। काजीगुंड में न्यूनतम पारा माइनस 2.3 डिग्री, पहलगाम में माइनस 3.5 डिग्री, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम 0.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऊंचे जिलों में कई जगह तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। पर्वतीय राज्यों में पड़ रही ठंड का असर आने वाले दिनों में मैदानीं राज्यों में भी साफ दिखाई देगा।
पंजाब में फरीदकोट तो हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा
पहाड़ों के साथ लगते पंजाब और हरियाणा में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। पंजाब में रविवार को न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा स्थान रहा फरीदकोट, जहां रात का तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा जैसे शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। वहीं हरियाणा में भी रात के तापमान में गिरावट आई। हिसार रविवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार विक्षोभ के बाद उत्तरी हवाएं तेज हुईं, जिससे ठंड बढ़ी है। इस दौरान न्यूनतम पारा 2.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरा।
दिल्ली-एनसीआर में इतना तापमान
हरियाणा और पंजाब में ठंड बढ़ने का असर दिल्ली-एनसीआर में भी दिखाई दे रहा है। यहां पर दिन का तापमान 24-26 डिग्री और रात का पारा 8-10 डिग्री तक रह सकता है। हवा की दिशा उत्तरी रहने से सर्दी में बढ़ोतरी होगी। कोहरा बढ़ने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : इंडिया गेट पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी