West Bengal, (आज समाज), कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद से राज्य में कई जगहों से झड़पों की सूचनाएं हैं। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय में उपद्रवियों द्वारा आग लगा दिए जाने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार कोर्ट मोड़ पर स्थित टीएमसी के दफ्तर की यह वारदात है।
पार्षद मौसमी बोस का घर बनाया था दफ्तर
टीएमसी के जिस कार्यालय में आग लगाई गई वह वार्ड नंबर 53 की पार्षद मौसमी बोस का था। सूत्रों के अनुसार कुछ ही समय में कार्यालय जलकर राख हो गया। पास लगती एक दुकान को भी क्षति पहुंची है। सूचना के बाद आसनसोल से दमकल की एक गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
किसी भी तरह की हिंसा अस्वीकार्य : बीजेपी
आसनसोल उत्तर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने बताया कि उन्हें पार्षद ने वारदात की सूचना दी और इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए कार्यालय को इस बारे में बताया। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। चुनाव बाद किसी भी तरह की हिंसा अस्वीकार्य है।
अभी पता नहीं चली आग लगने की वजह
आसनसोल के दुकानदार हरेकृष्ण बनर्जी के अनुसार दुकान बंद करने के थोड़ी देर बाद उन्हें जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, वह उसी समय लौटे और देखा कि टीएमसी का दफ्तर में आग फैली है। हरेकृष्ण ने बताया कि उनकी दुकान के बिजली के सिस्टम को नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है।
टीएमसी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप
मुर्शिदाबाद के जियागंज में लेनिन की दशकों पुरानी प्रतिमा को भी तोड़ दिए जाने की सूचना है। महुआ मोइत्रा का आरोप है कि भाजपा वर्कर्स ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा लेनिन की जगह दूसरी प्रतिमा लगाना चाहती है। टीएमसी का दावा है कि तोड़फोड़ में भाजपा समर्थक संलिप्त हैं। वहीं भाजपा ने कहा है कि उसके कार्यकता अथवा समर्थक इस तरह की किसी वारदात में शामिल नहीं हैं। पार्टी का दावा है कि चुनावी नतीजों के बाद के जश्न में वहां अलग-अलग ग्रुप्स के लोग थे और हो सकता है किसी अज्ञात व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है।
ये भी पढ़ें : West Bengal New Govt: 10 मई से पहले हो सकता है नई सरकार का शपथ ग्रहण


