Weather, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड से लेकर हरियाणा, पंजाब व देश की राजधानी दिल्ली सहित क्षेत्र के अधिकतर राज्यों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बारिश व आंधी-तूफान का दौर जारी है। आज के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 10 से अधिक राज्यों में बारिश व आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 65-70 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है।
हिमाचल : 40-50 किमी की गति से हवाएं चलने का अनुमान
हिमाचल के कुल्लू, कांगड़ा और चंबा आदि जिलों में कई जगह तूफान ने सोमवार को बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है और एक बार फिर राज्य में बारिश के साथ आंधी तूफान का अलर्ट है। कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, राजधानी शिमला, मंडी, सोलन आदि में आज भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर व पंजाब के इन इलाकों में अलर्ट
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के साथ ही रामबन, अनंतनाग, कुलगाम, बारामूला और जम्मू के कठुआ व रियासी आदि इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसक के चलते तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के अलावा लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, कपूरथला और जालंधर में भी आज तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है। 50-60 किमी की गति से इस दौरान हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड : इन जगह के लिए अलर्ट
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के अलावा राज्य के चमोली, नैनताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तर काशी और पौड़ी गढ़वाल में आज के लिए आंधी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : Monsoon-2026: देश में तय समय से चार दिन पहले दस्तक देगा मानसून


