Weather Today Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा व पंजाब समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में शुक्रवार को हुई तेज बारिश और आंधी तूफान के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है और भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के कई राज्यों में अब भी बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है। वहीं महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ी रही है।

हरियाणा में तापमान 9.4 डिग्री तक लुढ़का

बारिश, आंधी-तूफान व तेज हवाओं के बाद हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान व उत्तर भारत के अन्य राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इन राज्यों में अब भी खराब मौसम का अलर्ट जारी है। हरियाणा में तापमान 9.4 डिग्री तक लुढ़क गया है। हरियाणा के अधिकतर इलाकों में शनिवार सुबह ठंडी हवाएं चलती रहीं। नूंह में तड़के बारिश के साथ ओले गिरे। पुन्हाना में लगभग 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई।

पंजाब के तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट

पंजाब के तापमान में शुक्रवार को 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे राज्य के सभी जिलों का पारा 34 डिग्री से नीचे पहुंच गया।बारिश व आंधी-तूफान से पहले यह 40 डिग्री के करीब दर्ज किया जा रहा था। गुरदासपुर 33.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे अधिक गर्म रहा।

पंजाब में 7 मई तक तेज हवाएं, हिमाचल में 6 दिन मौसम खराब

आईएमडी अधिकारियों ने बताया है कि पंजाब में 7 मई तक तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं हिमाचल में 6 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य में आठ मई तक आंधी-तूफान व बारिश होने के आसार हैं। कुछ जगहों पर बिजली गिर सकती है और ओलावृष्टि भी हो सकती है। प्रदेश की राजधानी शिमला समेत पांच जिलों में आज आॅरेंज अलर्ट जारी है।

महाराष्ट्र : अकोला देश में सबसे गर्म शहर

महाराष्ट्र में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। राज्य का अकोला शुक्रवार को 44.9 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं औरंगाबाद और नागपुर में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें: Weather Updates: दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश व आंधी-तूफान, 10 से ज्यादा लोगों की मौत