Punjab Weather Update : पंजाब में पांच दिन शुष्क रहेगा मौसम

0
307
Punjab Weather Update : पंजाब में पांच दिन शुष्क रहेगा मौसम
Punjab Weather Update : पंजाब में पांच दिन शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने धूप खिलने और तापमान बढ़ने का अनुमान जताया

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने आने वाले पांच दिन के लिए पंजाब के किसानों के लिए राहत भरी संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में 15 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा और धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इससे प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश से खेतों में जमा पानी और नमी सूखने की उम्मीद है और फसल कटाई में एक बार फिर से तेजी आएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक अब 16 अप्रैल तक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) और शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि लुधियाना, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मलेरकोटला और मोगा में 30 से 32 डिग्री, जबकि बठिंडा, मानसा और फाजिल्का में 32 से 34 डिग्री तक तापमान रह सकता है। फिरोजपुर, फरीदकोट और मुक्तसर में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा, जबकि बाकी जगहों पर यह सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम की स्थिति इस तरह रहेगी

उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर आसमान में काफी ऊंचाई पर तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं जमीन से लगभग 12-13 किलोमीटर ऊपर हैं और इनकी गति करीब 220 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसका असर यह होता है कि मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में 1.25 लाख एकड़ फसल हो चुकी बर्बाद

पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते पिछले दिनों पंजाब में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों की करीब 1.25 लाख एकड़ पकी हुई गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। पंजाब सरकार ने बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को हर संभव मदद देने का भरोसा जताया है। ज्ञात रहे कि अमृतसर, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर और मोगा में बारिश और ओलावृष्टि के चलते ज्यादा नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : मथुरा हादसे में जगराओं के परिवार के सात सदस्य शामिल