Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज

0
208
Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज

राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में तेज हवा व बूंदाबांदी का दौर शुरू

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में मौसम का मिजाज रात से बदल चुका है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में देर रात से ही तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। बारिश का यह दौर आज पूरा दिन चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम में यह बदलाव ताजा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते आया है। एक तरफ जहां मैदानों में तेज हवाएं व हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट

उत्तर भारत में सक्रिय एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को अचानक मौसम बदलेगा और गरज-चमक के साथ तेज बारिश व बिजली गिरने की आशंका है, जिसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

एक साथ एक्टिव कई पश्चिमी विक्षोभ

इन दिनों उत्तर भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम के अचानक बदलाव का मुख्य कारण एक नहीं बल्कि कई पश्चिमी विक्षोभ हैं। आईएमडी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जो लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक निम्न दबाव वाला क्षेत्र (ट्रफ) बना हुआ है, जो पश्चिमी हवाओं के साथ जुड़ी हुई है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बहना भी मौसम को और अधिक अस्थिर बना रहा है।

हिमाचल में 26-28 तक खराब रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही बृहस्पतिवार को रोहतांग सहित लाहौल-स्पीति की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। शुक्रवार को कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी का आॅरेंज अलर्ट जारी हुआ है। अन्य जगह बारिश-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। 26 से 28 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम में बदलाव होगा।