कहा, विश्व के कई देशों के साथ एफटीए पर चर्चा तेजी से आगे बढ़ रही
Business News Today (आज समाज), बिजनेस डेस्क : केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक बार फिर से दोहराया है कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए कठिन चुनौतियां आई थी लेकिन हम सफलतापूर्वक इनसे बाहर निकलने में कामयाब हो जाएंगे। चुनौतियों के बावजूद वैश्विक व्यापार में देश के मजबूत प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए मंत्री ने कहा कि कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर चर्चा आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती ताकत है। हम अमृतकाल में चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से 30 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि भारत व्यापार करने के लिए एक उपयुक्त स्थान है। दुनिया भारत के साथ मिलकर काम करना चाहेगी।
यूरोपीय संघ के साथ तेजी से आगे बढ़ रही वार्ता
गोयल ने कहा कि कई देश भारत के साथ एफटीए के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ पिछले दौर में हमारी अच्छी चर्चा हुई थी। उनके दो कृषि और व्यापार आयुक्तों ने दिल्ली का दौरा किया और चर्चा में तेजी से प्रगति हुई। जल्द ही हमारी एक और वर्चुअल या प्रत्यक्ष वार्ता हो सकती है। यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उसुर्ला वॉन डेर लेयेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें साल के अंत तक वार्ता पूरी करने के लिए मार्गदर्शन दिया है और हम उस लक्ष्य की दिशा में काम करना जारी रखे हुए हैं।
यूएई के साथ हुआ सबसे तेज एफटीए
संयुक्त अरब अमीरात के साथ सफल मुक्त व्यापार समझौते का हवाला देते हुए मंत्री ने कहा कि यह दुनिया का सबसे तेज एफटीए था। उन्होंने आगे कहा, “हमने 88 दिनों में इस पर बातचीत की, इसे अंतिम रूप दिया और हस्ताक्षर किए। तब से, संयुक्त अरब अमीरात को हमारा निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। वहां 25 लाख से ज्यादा भारतीय रहते हैं। मैं एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स निवेश वार्ता के लिए जा रहा हूं और कई निवेशकों से मिलूंगा। कपड़ा, समुद्री, चमड़ा और औषधि उद्योग ऐसे विशेष क्षेत्र हैं जहां हम व्यापार विस्तार और विविधीकरण की संभावनाएं तलाश रहे हैं।”
भारत और अमेरिका के संबंध सकारात्मक
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध सकारात्मक बने हुए हैं क्योंकि दोनों देशों के नेता मित्र हैं। उन्होंने कहा कि हर स्थिति का संतोषजनक समाधान किया जाएगा। गोयल ने कहा कि कुछ समय के लिए अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों को लेकर खटास आ गई थी लेकिन अब दोनों देश आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को दोनों देशों के शिष्टमंडलों के बीच बहुत ही सकारात्मक वार्ता हुई और उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता आने वाले एक दो माह में हो जाएगा।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : विकसित देशों की तुलना में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया : रिपोर्ट