कहा, पाकिस्तान की नीयत में खोट, उसकी नीयत साफ नहीं है
Today Breaking News (आज समाज), भुज : पाकिस्तान ने आॅपरेशन सिंदूर के दौरान लेह से सर क्रीक तक, भारत के डिफेंस सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। वहीं, भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया। यह कहना है भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जो दशहरा के अवसर पर भुज में एक मिलिट्री बेस में दौरे के दौरान सैनिकों को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने सैनिकों के साथ मिलकर एल-70 गन सहित अन्य शस्त्रों का पूजन किया। इस गन का इस्तेमाल आॅपरेशन सिंदूर में किया गया था। एल-70 गन एक मिनट में 300 गोले दागती है। 3,500 मीटर तक टारगेट कर सकती है। आॅपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराने में एल-70 सिस्टम ने अहम भूमिका निभाई थी।
सर क्रीक सीमा विवाद पर पाकिस्तान को चेताया
इस दौरान राजनाथ सिंह ने सर क्रीक इलाके में सीमा विवाद को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी। रक्षा मंत्री ने कहा- आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक में सीमा को लेकर विवाद खड़ा किया जाता है। भारत ने कई बार बातचीत के जरिए इसे सुलझाने की कोशिश की है, लेकिन पाकिस्तान की नीयत में खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है। रक्षा मंत्री ने कहा कि जिस तरह से हाल में पाकिस्तान ने सर क्रीक से सटे इलाकों में अपना मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है, वह उसकी नीयत बताता है। अगर सर क्रीक क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से कोई हिमाकत की गई, तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।
भारतीय सेना ने आॅपरेशन सिंदूर से दिया साफ संदेश
उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने दुनिया को यह संदेश दिया कि वह जब चाहे और जहां चाहे पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। भारतीय सेना ने आॅपरेशन सिंदूर में अपने सभी मकसद को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। हालांकि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी। आॅपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी आर्म्ड फोर्सेस ने दिखा दिया कि भारत की संप्रभुता को चुनौती देने वाली ताकतें चाहे जहां भी छिपी हों, हम उन्हें ढूंढकर उनका खात्मा करने की शक्ति रखते हैं। दुनिया की कोई भी ताकत अगर हमारी संप्रभुता को चुनौती देती है तो भारत चुप नहीं बैठेगा।
समय आने पर हम शस्त्र चलाना जानते हैं
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत समय आने पर शस्त्रों का इस्तेमाल करना जानता है रक्षा मंत्री ने शस्त्र पूजा का महत्व बताते हुए कहा- शस्त्रों के प्रति समर्पण, असुर शक्तियों पर दैवी शक्ति की विजय की महानता को दशार्ता है। इसलिए जब हम किसी शस्त्र की पूजा करते हैं, तो हम इस शक्ति का इस्तेमाल केवल धर्म और न्याय की रक्षा के लिए करने का संकल्प भी लेते हैं।
ये भी पढ़ें : Business News : त्योहारी सीजन में वाहन बिक्री सेक्टर में बूम