कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां द्वारा विभिन्न यूनियनों के साथ बैठक
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। यह कहना है पंजाब के राजस्व एवं आवास निर्माण व शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां का जो विभिन्न यूनियनों से नेताओं से बैठक कर रहे थे। पंजाब भवन में आयोजित इन बैठकों में रेवेन्यू पटवार यूनियन, कानूनगो यूनियन, साझा मुलाजम मंच पुड्डा और आॅल इंडिया अतिवाद पीड़ित एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विभिन्न मीटिंगों के दौरान कैबिनेट मंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
राजस्व मंत्री ने एसोसिएशनों और यूनियनों द्वारा रखी गई मांगों को ध्यान से सुना। उन्होंने बताया कि जो मांगें विभागीय स्तर पर हल हो सकती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाएगा। वहीं जो मांगें मुख्यमंत्री या वित्त विभाग के स्तर पर हल होनी हैं, उन्हे पूरा करने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के साथ बैठक की जाएगी।
अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को मिलेगा पुरस्कार
राजस्व मंत्री ने पटवारी और कानूनगो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कहा कि अपनी ड्यूटी निभाते हुए अच्छा प्रदर्शन करने वाले पटवारियों और कानूनगो को सरकार द्वारा सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अपना काम पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी से करें।
पेंशन स्कीम का मामला सीएम समक्ष उठाया जाएगा
इसके अलावा साझा मुलाजम मंच, पुड्डा मोहाली के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन कर्मचारियों को पेंशन स्कीम का लाभ देने के मामले को जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। आॅल इंडिया अतिवाद पीड़ित एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों के बारे में कैबिनेट मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास पंजाब सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिया कि एसोसिएशन द्वारा रखी गई जायज मांगों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव और उचित कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब की बहादुरी और भाईचारे का कोई मुकाबला नहीं : मान


