कैबिनेट मंत्री और पंजाब आप अध्यक्ष ने परिवार से मिलकर दुख साझा किया और पंजाब सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया
Punjab Breaking News (आज समाज), तरनतारन : तरनतारन जिले के गांव वल्टोहा संधूआं के सरपंच जरमल सिंह की हत्या की वारदात की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने समाज-विरोधी तत्वों को सख्त चेतावनी दी कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले—चाहे वह गोली चलाने वाले गुंडे हों या उनके पीछे खड़े उनके आका—किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
राज्य में गैंगस्टरवाद के लिए पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 से15 वर्षों में तत्कालीन सरकारों के कुशासन और गैंगस्टरों को मिली राजनीतिक शह ने ये हालात पैदा किए। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टरवाद नाम का यह कोढ़ दशकों तक पाला-पोसा गया और फैलाया गया। उस दौर की राजनीतिक संरक्षण ने इस खतरनाक प्रवृत्ति को इतने बड़े पैमाने पर बढ़ने दिया।
अपराध किसी भी रूप में स्वीकार नहीं होगा
अमन अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि हमारी सरकार या पार्टी में कोई भी व्यक्ति गैंगस्टरों, नशा तस्करों या अपराधियों की सरपरस्ती नहीं करता। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे तत्वों के लिए राजनीतिक संरक्षण की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। पंजाब सरकार राज्य को अपराध-मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।अमन अरोड़ा ने सरपंच जरमल सिंह—जिनकी रविवार को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी के परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया। इस अवसर पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
पुलिस को दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
इस घटना के बाद अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए अमन अरोड़ा ने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार पहले ही पंजाब पुलिस को स्पष्ट और कड़े निर्देश दे चुकी है। उन्होंने कहा कि जिसने भी कानून-व्यवस्था भंग करते हुए इस अपराध को अंजाम दिया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सक्रिय और प्रभावी ढंग से काम कर रही है और आरोपी जल्द ही कानून के कटघरे में होंगे। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मान सरकार गैंगस्टरवाद और गुंडागर्दी की इस बीमारी को पूरी तरह खत्म करने के लिए वचनबद्ध है और इस मिशन में पूरी तरह जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : नशा तस्कर 657 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार


