जमीयत उलमा-ए-हिंद द्वारा देश और सेना के साथ पूर्ण एकजुटता की घोषणा
Delhi News Today (आज समाज), नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर किए गए हमलों पर जहां पूरे देश में जोश की लहर है वहीं जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी का बयान भी सामने आया है। भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए मदनी ने इसे आतंकवाद के खिलाफ कड़ा प्रहार बताया।
मदनी ने कहा है कि जमीयत उलमा-ए-हिंद देश की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर सकती। यदि पाकिस्तान की ओर से कोई युद्ध थोपने की कोशिश की जाती है, तो हम स्पष्ट और दो टूक शब्दों में यह ऐलान करते हैं कि पूरा देश, सभी धर्मों के लोग और विशेष रूप से मुसलमान, अपनी सेना के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं।
देश की रक्षा हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी
भारत हमारा वतन है, इसकी रक्षा करना हमारी राष्ट्रीय और संवैधानिक जिम्मेदारी है। जमीयत उलमा-ए-हिंद ने हमेशा देशभक्ति, शांति और एकता का संदेश दिया है और आज जब हमारी सीमाओं पर खतरा मंडरा रहा है, तो हम अपनी सेनाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने की घोषणा करते हैं।
मौलाना मदनी ने कहा कि हम हर स्तर पर देश में एकता, धैर्य और बलिदान की भावना को बढ़ावा देंगे। हम भारत सरकार से अपील करते हैं कि वह दुश्मन की हर आक्रामक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दे। हम दुश्मनों को यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि भारत एक एकजुट राष्ट्र की तरह हर कीमत पर अपने वतन की रक्षा करेगा।
हमारी तीनों सेनाएं बहुत शक्तिशाली : यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि भारत की तीनों सेनाएं बहुत मजबूत है और जो भी देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए आतंकवादी गतिविधियों को देश में प्रायोजित करेगा उसका माकूल जवाब देने के लिए भारतीय सेनाएं पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने हमारे देश के 26 निहत्थे लोगों को निशाना बनाया था।
उनकी शहादत का बदला हमारी सेनाओं ने कल आपरेशन सिंदूर के तहत बखूबी ले लिया। हमें अपनी सेना पर गर्व हैं क्योंकि कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी जाबांज महिलाएं भी भारतीय सेना में मौजूद है। जो इस संकट के समय पुरुष सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की रक्षा के लिए तैयार खड़ीं है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather News : दिल्ली में आज भी छाए रहेंगे बादल, गर्मी से मिलेगी राहत