कहा, जो हम देश में बना सकते हैं वह हमें देश में ही बनाना होगा
PM Modi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नवरात्र शुरू होने से एक दिन पहले राष्ट्र के नाम संबोधन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने न केवल एक बार फिर से देश को आत्मनिर्भर बनाने के अपने संकल्प को दोहराया बल्कि इस कार्य में देशवासियों को सहयोग का आह्वान भी किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि अब हमें आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ आगे बढ़ना होगा।
जो देश के लोगों की जरूरत है, जो हम देश में बना सकते हैं और वो हमे देश में ही बनाना चाहिए। पीएम ने कहा कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग और क्वालिटी बेहतर होती थी। हमें उस गौरव को वापस पाना है। जो हमारे उद्योग बनाएं वो दुनिया में उत्तम से उत्तम हों। जो हम बनाएं वो दुनिया में बेस्ट के पैरामीटर को पार करने वाला हो। हमारे उत्पाद दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाएं।
देश की ग्रोथ स्टोरी को रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि नेक्स्ट जेन जीएसटी सुधार देश की ग्रोथ स्टोरी को नई दिशा देंगे। निवेश को आकर्षित करेंगे और हर राज्य को विकास की दौड़ में बराबरी से शामिल करेंगे। उन्होंने कहा कि 2017 में जीएसटी लागू करना ऐतिहासिक कदम था और अब इसका नया अध्याय शुरू हो रहा है।
जीएसटी की दरों में बदलाव से मिलेगा फायदा
इस दौरान पीएम ने कहा कि जीएसटी की दरें कम होने से नियम और प्रक्रियाएं और आसान बनने से हमारे एमएसएमई, हमारे लघु, कुटीर उद्योगों को बहुत फायदा होगा। उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स भी कम देना पड़ेगा। यानी उनको भी डबल फायदा होगा। इसलिए आज मेरी एमएसएमई से, चाहे लघु हों या सूक्ष्म या कुटीर, आप सबसे बहुत अपेक्षाएं हैं। आपको भी पता है कि जब भारत समृद्धि के शिखर पर था, तब अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार हमारे लघु-कुटीर उद्योग थे।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोगों ने गरीबी पर विजय पाई है और एक बड़ा नियो मिडिल क्लास तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि 12 लाख तक की इनकम को टैक्स मुक्त कर मध्यमवर्ग को बड़ी राहत दी गई है। अब जीएसटी सुधार से घर, स्कूटर, कार और होटल जैसे खर्चे भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और नियो मिडिल क्लास को दोहरा मिलेगा।
ये भी पढ़ें : GST New Rates Apply : देश भर में लागू हुई जीएसटी की नई दरें