Updates On WAVES Summit, (आज समाज), मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित चार दिवसीय विश्व आडियो विजुअल एंव मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) के दूसरे दिन आज विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कार्यक्रम को संबोधित कर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में संस्कृति, नवाचार और प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला।

युवा प्रतिभाओं को तैयार करने के बारे में भी की बात

जयशंकर ने विभिन्न परंपराओं, विरासतों, विचारों और रचनात्मकता को आवाज देकर वैश्विक प्रणाली को और अधिक समावेशी बनाने की जरूरत पर भी बल दिया। नवाचार के महत्व, एआई जैसी तकनीक के नैतिक उपयोग और तेजी से बदलती दुनिया के लिए युवा प्रतिभाओं को तैयार करने के बारे में भी विदेश मंत्री ने बात की।

परिवर्तन की प्रक्रिया में मजबूत सांस्कृतिक आयाम

जयशंकर ने कहा, परिवर्तन की प्रक्रिया में एक मजबूत सांस्कृतिक आयाम है। दुनिया आंतरिक व अनिवार्य रूप से विविधतापूर्ण है और अतीत में उपनिवेशवाद और बड़ी शक्ति के प्रभुत्व दोनों द्वारा बहुलवाद को दबा दिया गया है। उन्होंने कहा, अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को लोकतांत्रिक बनाने के लिए, हमें अपनी परंपराओं, विरासत, विचारों और रचनात्मकता को आवाज देनी चाहिए। प्रौद्योगिकी की शक्ति का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करके इसे सबसे अच्छे तरीके से प्राप्त किया जा सकता है।

विकसित भारत के लिए नवाचार बेहद अहम

विदेश मंत्री ने कहा, नवाचार उस छलांग की कुंजी है जो 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा, हमें वैश्विक कार्यस्थल और कार्यबल बनाने के लिए मानसिकता, रूपरेखा, नीतियों और प्रथाओं में बदलाव की आवश्यकता है। याद रखें, न तो प्रतिभा और न ही कार्यभार स्थिर रहेगा। सहज गतिशीलता मजबूत रचनात्मकता में योगदान दे सकती है।

हर उन्नति के होते हैं अपने मुद्दे, अलग नहीं होगा AI

हर उन्नति के अपने मुद्दे होते हैं, और एआई अलग नहीं होगा। इस युग की राजनीति प्रामाणिकता संबंधी चिंताओं से जूझेगी, वहीं व्यवसायों को सभी के लिए नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए नई बौद्धिक संपदा चुनौतियों से निपटना होगा। उभरती प्रौद्योगिकियों का जिम्मेदाराना उपयोग एक बढ़ती हुई चिंता होगी। पूर्वाग्रह को कम करना, सामग्री का लोकतंत्रीकरण करना और इसकी नैतिकता को प्राथमिकता देना, ये सभी उभरते हुए विमर्श का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें : WAVES Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में किया पहले ‘वेव्स’ का उद्घाटन