प्रशासन ने नदी से सटे गांवों के लोगों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से होकर गुजर रही मारकंडा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया गया। जलस्तर के बढ़ने से मारकंडा नदी से सटे गांवों में एक बार फिर बाढ़ के हालात पैदा हो गए है। मारकंडा नदी का पानी कई गांवों में घुस चुका है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए है।

गेज रीडर रविंद्र कुमार के मुताबिक काला अंब में भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कल सुबह करीब 7 बजे तक पानी का स्तर 4 हजार क्यूसेक के आसपास था, लेकिन दोपहर के बाद इसमें अचानक उछाल आया और शाम तक नदी का जलस्तर 10 हजार क्यूसेक के आसपास तक पहुंच गया।

कठवा में सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूबी

मारकंडा का जलस्तर बढ़ने से कठवा गांव में फिर से पानी घुस चुका है। इससे गांव में सैकड़ों एकड़ फसल डूब चुकी है। गांव की मेन सड़क के ऊपर से पानी चल रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी तरह गुमटी, मलकपुर, कलसाना, तंगौर और मुगलमाजरा गांवों के लोगों सतर्क किया गया है।

बारिश होने पर बढ़ेगा जलस्तर

अगर पहाड़ों और काला अंब में तेज बारिश हुई तो मारकंडा नदी में पानी का जलस्तर बढ़ेगा। मारकंडा में पानी की कैपेसिटी 35 हजार क्यूसेक है। अगर इससे ज्यादा पानी आया तो मारकंडा से सटे गांवों में पानी घुस जाएगा। हालांकि बारिश ना होने से धीरे-धीरे मारकंडा का पानी उतर भी रहा है।

यह भी पढ़े : आज पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना

यह भी पढ़े : गुरुग्राम में अरावली की पहाड़ियों में झरने को देखने गए 3 युवकों की डूबने से मौत