देश के 12.7 करोड़ मतदाता करेंगे 1981 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला
Bangladesh Voting Live (आज समाज) ढ़ाका : आखिरकार बांग्लादेश में आज लोकतंत्र की बहाली के लिए सबसे बड़ा कदम उठाया जा रहा है। वहां के करीब पौने तेरह करोड़ मतदाता आज अपनी नई सरकार के लिए मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। मतदान के शुरुआती चरण में जहां मतदान केंद्रों पर कम संख्या में लोग मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा तैनाती बताई जा रही है।
कुल इतने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे
बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें लगभग 1,700 प्रत्याशी विभिन्न राजनीतिक दलों से हैं, जबकि 249 उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। महिला भागीदारी अभी भी सीमित दिख रही है। राजनीतिक दलों ने 63 महिला उम्मीदवार उतारे हैं और करीब 13 महिलाएं निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ रही हैं। इस तरह कुल महिला उम्मीदवारों की संख्या 76 है, जो कुल उम्मीदवारों के मुकाबले काफी कम मानी जा रही है।
इन पार्टियों में मुख्य मुकाबला
चुनाव में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। शेख हसीना की अवामी लीग को अंतरिम सरकार ने भंग कर चुनाव लड़ने से रोक दिया है। कुल 50 दलों के 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे ज्यादा 291 उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें 83 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
कुल 43 हजार मतदान केंद्रों में से 24 हजार जोखिम भरे
पुलिस महानिरीक्षक बहादुरुल आलम ने बताया कि देश के करीब 43,000 मतदान केंद्रों में से 24,000 केंद्र उच्च या मध्यम स्तर के जोखिम वाले हैं। पुलिस के अनुसार ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 केंद्र जोखिम वाले हैं। हालांकि, सेना ने एक अलग मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि ढाका शहर में केवल दो केंद्र ही जोखिम भरे हैं। ऐसे में इन आंकड़ों में अंतर को लेकर सवाल भी उठे हैं।


