Asian Games Selection Trials: विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल के सेमीफाइनल में जींद की मीनाक्षी से हारी विनेश फोगाट

0
114
Asian Games Selection Trials: विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल के सेमीफाइनल में जींद की मीनाक्षी से हारी विनेश फोगाट
Asian Games Selection Trials: विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल के सेमीफाइनल में जींद की मीनाक्षी से हारी विनेश फोगाट

पिछले महीने सीनियर एशियन चैंपियनशिप में मीनाक्षी ने जीता था सिल्वर मेडल
Asian Games Selection Trials, (आज समाज), नई दिल्ली: एशियन गेम्स ट्रायल के सेमिफाइनल मैच में रेसलर विनेश फोगाट को हार का सामना करना पड़ा। विनेश को जींद की मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से हराया। इससे पहले विनेश का पहला मुकाबला हिसार की ज्योति सिहाग से हुआ, जिसमें उन्होंने ज्योति को 7-1 से हराया। ज्योति जूनियर वर्ल्ड कप की गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। विनेश का दूसरा मुकाबला जींद की नीशू से हुआ, जिसे उन्होंने 7-6 से जीता। सेमिफाइनल मैच में विनेश को हराने वाली मीनाक्षी ने पिछले महीने सीनियर एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था।

दूसरे मुकाबले के दौरान रेफरी से विनेश के पति की हुई कहासुनी

दूसरा मुकाबला दो बार रुका। शुरूआत में नीशू ने विनेश को पटखनी देकर पांच पॉइंट हासिल किए। इसके बाद वापसी करते हुए विनेश ने नीशू को पटखनी देकर चार पॉइंट बटोरे। इस दौरान रेफरी से विनेश और उनके पति सोमबीर राठी की कहासुनी हो गई। आपत्ति के बाद मैच थोड़ी देर के लिए रोका गया।

हारने के बाद नीशू ने विनेश से हाथ नहीं मिलाया

इसके बाद शुरू हुए मुकाबले में विनेश ने शानदार पटकनी देते हुए बढ़त बनाई। विनेश के 6 और नीशू के 5 पॉइंट हो गए थे। अंतिम 59 सेकेंड में मुकाबला 6-6 की बराबरी पर आ गया, जिसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। रेसलिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया के अध्यक्ष संजय सिंह मैट पर पहुंच गए।

आखिरी पॉइंट के लिए नीशू ने चुनौती दी, लेकिन मैट चेयरमैन और जज ने नीशू की चुनौती को खारिज करते हुए लास्ट पॉइंट नहीं दिया। इसके बाद रेफरी ने विनेश को 7-6 से विजेता घोषित किया। इससे नाराज नीशू ने विनेश से हाथ तक नहीं मिलाया।

ये भी पढ़ें: आॅपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, फिलहाल संघर्ष विराम जैसी स्थिति: आर्मी चीफ