America Attack Venezuela Update: मादुरो को बेडरूम से घसीट कर ले गए अमेरिकी कमांडो, लाइव देख रहे थे ट्रम्प

0
277
America Attack Venezuela Update: मादुरो को बेडरूम से घसीट कर ले गए अमेरिकी कमांडो, लाइव देख रहे थे ट्रम्प
America Attack Venezuela Update: मादुरो को बेडरूम से घसीट कर ले गए अमेरिकी कमांडो, लाइव देख रहे थे ट्रम्प

अमेरिका ने रात में की थी वेनेजुएला पर एयरस्ट्राइक
America Attack Venezuela Update, (आज समाज), नई दिल्ली: अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला अब अमेरिकी सैनिकों के कब्जे में हैं। उन्हें वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है। CNN ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी को सेना ने बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया। ट्रम्प इस मौके का लाइव ऑपरेशन देख रहे थे। अमेरिका ने बीती रात करीब 2 बजे (भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह 11:30 बजे) वेनेजुएला के 4 शहरों पर हमले किए थे।

इस दौरान अमेरिकी सैनिकों ने मिलिट्री ठिकानों और खास जगहों को निशाना बनाया। ये पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने किसी देश पर सैन्य कार्रवाई करके वहां के राष्ट्रपति या तानाशाह को पकड़ा, इसके पहले 2003 में इराक और 1989 में पनामा में भी कुछ ऐसे ही आॅपरेशन चलाए गए थे।

वेनेजुएला पर हमले की वजह

ट्रम्प का दावा है कि वेनेजुएला ने अमेरिकी कंपनियों के तेल अधिकार अवैध रूप से छीन लिए थे। ट्रम्प के मुताबिक वेनेजुएला अमेरिका में खतरनाक ड्रग्स की तस्करी करता है। ड्रग्स ले जा रहे 35 नावों पर हमला कर चुका। अमेरिका राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का तख्तापलट करना चाहता है। अमेरिका मादुरो को तानाशाह और ड्रग तस्कर मानता है।

मादुरो ने ड्रग माफियाओं को देश से बाहर भेजा

ट्रम्प ने कहा कि मादुरो ने जेलों के कैदियों, मानसिक संस्थानों में रखे गए लोगों और ड्रग माफियाओं को बड़ी तादाद में बाहर भेजा। यह बिल्कुल भी माफ किए जाने लायक नहीं था। इसी वजह से वे आखिर में बातचीत भी करना चाहते थे, लेकिन मैं बातचीत नहीं करना चाहता था। मैंने कहा नहीं। अब हमें  वेनेजुएला में मिलिट्री ऑपरेशन करना ही होगा।

चीन ने अमेरिकी एक्शन की निंदा की

चीन ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। चीन ने कहा कि किसी देश और उसके राष्ट्रपति के खिलाफ ताकत का इस्तेमाल करना पूरी तरह गलत है। चीन के मुताबिक, अमेरिका की यह दादागिरी भरी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और वेनेजुएला की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन है। इससे लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। चीन ने अमेरिका से अपील की है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन करे और अन्य देशों की संप्रभुता का उल्लंघन करना बंद करे।

अमेरिकी पक्ष को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ

एक अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया कि इस पूरे आॅपरेशन के दौरान अमेरिकी पक्ष को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ और कार्रवाई बिना किसी हताहत के पूरी की गई। वेनेजुएला पर हमले में कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, लेकिन मेरा मानना है कि हमारा कोई भी सैनिक नहीं मारा गया।

मादुरो-पत्नी के खिलाफ चल सकता है मुकदमा

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा है कि वेनेजुएला के अपदस्थ नेता निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस को न्यूयॉर्क में अभियोग के बाद आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ेगा। बोंडी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दंपती को जल्द ही अमेरिकी धरती पर अमेरिकी अदालतों में कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा। मादुरो पर 2020 में न्यूयॉर्क में अभियोग लगाया गया था।

वामपंथी गुरिल्ला नेता की बेटी डेल्सी बन सकती हैं वेनेजुएला की राष्ट्रपति

राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सत्ता से विदाई के बाद वेनेजुएला में उथल-पुथल के बीच डेल्सी रोड्रिगेज का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से मादुरो की गिरफ्तारी के दावे के बाद माना जा रहा है कि सत्ता की कमान अब उपराष्ट्रपति डेल्सी संभाल सकती हैं। वह वामपंथी गुरिल्ला नेता जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिगेज की बेटी हैं, जिन्होंने 1970 के दशक में लीगा सोशलिस्ट पार्टी बनाई थी। राजनीति उनके लिए विरासत की तरह रही।

पेशे से वकील हैं डेल्सी

निकोलस मादुरो खुद डेल्सी को अपनी सरकार की शेरनी कहते रहे हैं, जो उनके समाजवादी शासन की सबसे मजबूत समर्थक मानी जाती हैं। 56 साल की डेल्सी का जन्म 18 मई 1969 को राजधानी काराकस में हुआ। डेल्सी पेशे से वकील हैं और उन्होंने यूनिवर्सिदाद सेंट्रल डी वेनेजुएला से पढ़ाई की।

अमेरिका तय करेगा अगला राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को दिए फोन इंटरव्यू में कहा कि वेनेजुएला का अगला नेता चुने जाने में अमेरिका शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी और को सत्ता संभालने देकर वेनेजुएला में मादुरो की नीतियां जारी नहीं रहने दे सकते। ट्रम्प ने कहा, हम इस फैसले में पूरी तरह शामिल रहेंगे और हमारा मकसद वेनेजुएला के लोगों के लिए आजादी सुनिश्चित करना है।

विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने राष्ट्रीय एकता की अपील की

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर राष्ट्रीय एकता की अपील की है। उन्होंने लिखा, मादुरो ने बातचीत के जरिए सत्ता छोड़ने से इनकार कर दिया था, इसलिए अमेरिका सरकार ने कानून लागू करने का अपना वादा पूरा किया है। हम सालों से संघर्ष कर रहे थे, हमने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, और यह संघर्ष बेकार नहीं गया। जो होना था, वही अब हो रहा है।

एडमुनदो गोंजालेज को तुरंत पद संभालना चाहिए

मचाडो ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले एडमुनदो गोंजालेज को तुरंत पद संभालना चाहिए और उन्हें देश की सेना का कमांडर भी मान्यता दी जानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, आज हम अपना जनादेश लागू करने और सत्ता संभालने के लिए तैयार हैं। हम देश में व्यवस्था बहाल करेंगे, राजनीतिक कैदियों को रिहा करेंगे, एक बेहतरीन देश बनाएंगे और अपने बच्चों को वापस घर लाएंगे।

ट्रम्प के इंटरव्यू की अहम बातें

  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को इंटरव्यू दिया है। ट्रम्प ने कहा, अमेरिका अब प्लानिंग कर रहा है कि वेनेजुएला के साथ आगे क्या करना है। हम देखेंगे कि क्या विपक्ष का कोई नेता देश की कमान संभाल सकता है।
  • मैंने मादुरो को पकड़ने की पूरी कार्रवाई ऐसे देखी जैसे कोई टीवी पर शो देख रहा हो। यह आॅपरेशन बहुत स्पेशल था। इसमें जबरदस्त ताकत का इस्तेमाल हुआ। यह दुनिया को यह दिखाने के लिए था कि अमेरिका को कोई दबा नहीं सकता।
  • मादुरो के घर में मोटे स्टील के दरवाजे थे और चारों तरफ मजबूत स्टील से बना एक सुरक्षित कमरा भी था। वह उसमें घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हमला इतनी तेज था कि उसे मौका ही नहीं मिला। हमारे सैनिकों ने स्टील काटने के लिए ब्लोटॉर्च लेकर पूरी तरह तैयार थी, लेकिन इसका इस्तेमाल करने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
  • अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे ताकतवर तेल कंपनियां हैं और अब वे वेनेजुएला के तेल क्षेत्र में भी एक्टिव रोल निभाएंगी।
  • मादुरो को एक बहुत ही हाई सिक्योरिटी वाली जगह से पकड़ा गया। आॅपरेशन के दौरान कुछ लोग घायल जरूर हुए, लेकिन वे अब ठीक हैं। कुछ हेलिकॉप्टर को भी नुकसान पहुंचा है।
  • अमेरिका ऐसा नहीं होने देगा कि मादुरो के जाने के बाद कोई और उसी तरह सत्ता संभाल ले। वेनेजुएला में अब पुराना सिस्टम दोबारा नहीं चलने दिया जाएगा।

वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इमरजेंसी बैठक बुलाने की मांग की

वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इमरजेंसी बैठक बुलाने की मांग की है। विदेश मंत्री इवान गिल ने कहा कि अमेरिका की तरफ से किए गए सैन्य हमले गंभीर हैं और इस पर तुरंत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए। वेनेजुएला ने सुरक्षा परिषद से यह भी अपील की है कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा की जाए। सरकार का कहना है कि ये हमले देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं।

ट्रम्प ने 1 सप्ताह पहले हमले का आदेश दिया था

अमेरिका के दो सीनियर अधिकारियों ने मीडिया से बताया है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने वेनेजुएला में मिलिट्री आॅपरेशन के लिए एक हफ्ते पहले ही मंजूरी दे दी थी। यह फैसला अचानक नहीं लिया गया था, बल्कि काफी पहले से इसकी तैयारी चल रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्लान को क्रिसमस से पहले ही राष्ट्रपति की सहमति मिल गई थी। इसके बाद से यह लगातार चर्चा होती रही कि यह मिशन कब और कैसे शुरू किया जाए। हालात बहुत संवेदनशील थे, इसलिए आॅपरेशन के समय को लेकर लगभग हर घंटे हालात की समीक्षा की जाती रही।

अमेरिकी प्रशासन ने वेनेजुएला के हालात पर लगातार नजर रखी

मंजूरी मिलने के बाद अमेरिकी प्रशासन ने वेनेजुएला के हालात पर लगातार नजर रखी। वहां के राजनीतिक हालात, सुरक्षा से जुड़े जोखिम और सैन्य तैयारियों को ध्यान में रखते हुए यह तय किया जा रहा था कि कार्रवाई के लिए सबसे सही समय कौन सा होगा। यह पूरा आॅपरेशन बेहद सीक्रेट रखा गया था। इसमें सिर्फ सेना ही नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियां भी शामिल थीं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचा गया और हर कदम बहुत सोच-समझकर उठाया गया।