Share Market Update : भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख जारी

0
144
Share Market Update : भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख जारी
Share Market Update : भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख जारी

लगातार चौथे दिन सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर हुए बंद

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया तनाव और अमेरिका और ईरान के बीच गहराते जा रहे युद्ध संकट से बेखबर भारतीय शेयर बाजार पिछले चार कारोबारी सत्र से हरे निशान पर बंद हो रहा है। इससे जहां निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है वहीं उनका हौसला भी बुलंद हुआ है और खरीदारी पर जोर दे रहे हैं। इसी खरीदारी के चलते मंगलवार को लाल निशान पर शुरुआती कारोबार करने के बावजूद शेयर बाजार में रिकवरी हुई और सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही दिन के अंत में बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी शेयरों में खरीदारी ने शुरूआती नुकसान के बाद बाजारों में रिकवरी में मदद की।

इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन

मंगलवार को शुरुआती गिरावट को पछाड़ते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 509.73 अंक या 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसने 74,686.32 का उच्च और 73,282.41 का निम्न स्तर छुआ, जिसमें 1,403.91 अंकों का उतार-चढ़ाव आया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 155.40 अंक या 0.68 प्रतिशत चढ़कर 23,123.65 पर बंद हुआ। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, इंफोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं।

सोने और चांदी में गिरावट जारी

पिछले कुछ दिन से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को भी दिल्ली सर्राफा बाजार में इन दोनों कीमती धातुओं के दाम में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 600 रुपए या 0.4 प्रतिशत फिसलकर 1,53,200 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी की बात करें तो चांदी की कीमत में 2,000 रुपए या लगभग 1 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है। यह सोमवार के 2,42,000 रुपए के मुकाबले गिरकर 2,40,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर आ गई है।

ये भी पढ़ें : India GDP Growth Rate : भारत की जीडीपी वृद्धि 6.2 फीसदी रहने का अनुमान : रिपोर्ट