दोनों देशों की तरफ से संघर्ष में बड़े पैमाने पर एक दूसरे को नुकसान पहुंचाने का दावा
Pakistan-Afghanistan War News (आज समाज), नई दिल्ली : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले दो दिन से बड़े स्तर पर सैनिक संघर्ष चल रहा है। दोनों देशों ने एक दूसरे पर भारी बमबारी की है। इसके साथ ही दोनों एक दूसरे को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाने का दावा भी कर रहे हैं।
एक तरफ जहां अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के 55 से ज्यादा सैनिकों के मारे जाने का दावा करते हुए पाकिस्तान की कई चौकियों पर कब्जा करने की बात कही तो वहीं पाकिस्तान ने भी अफगानिस्तान के दर्जनों लड़ाकों को मारने का दावा किया। इसी बीच अफगानिस्तान में मानवाधिकारों की स्थिति पर नजर रखने वाले संयुक्त राष्ट्र के पदाअधिकारी रिचर्ड बेनेट ने शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तनाव में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अफगान नागरिक भी शामिल हैं।
युद्ध को लेकर ये बाले रिचर्ड बेनेट
उन्होंने कहा, ‘मैं एक बार फिर शांति बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार तथा मानवीय कानूनों, विशेषकर नागरिकों की सुरक्षा का सम्मान करने की अपील करता हूं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मौजूदा तनाव दुर्भाग्यवश हिंसा में बदल गया है। तत्काल तनाव कम करना आवश्यक है।’अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच वार्ता की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भारत ने पाकिस्तान पर साधा निशाना
दोनों देशों के टकराव के बीच भारत ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ लिया है। रमजान के महीने में हमले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गत 22 फरवरी को ही बयान जारी कर दिया था। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की भारत कड़ी निंदा करता है। इसमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिक मारे गए हैं। ऐसा करके पाकिस्तान की अपनी अंदरूनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आजादी के प्रति अपना समर्थन दोहराता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने की पाकिस्तान की तारीफ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो अमेरिका इस मामले में दखल देने के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। ट्रंप ने कहा, ‘मैं हस्तक्षेप करूंगा, लेकिन मेरे पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। वहां के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख दोनों ही शानदार नेता हैं। मैं उन दोनों का बहुत सम्मान करता हूं। पाकिस्तान इस समय बहुत अच्छा कर रहा है।’ अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पीएम मोदी आज राजस्थान और गुजरात दौरे पर रहेंगे


