Murder at Kundli Border संयुक्त किसान मोर्चा ने निंदा की

0
718

ऐसे किसी समूह से मोर्चे का संबंध नहीं जो हिंसक गतिविधि में विश्वास रखता हो
आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली:

शुक्रवार को दिल्ली से सटे सिंघू बॉर्डर पर युवक की हत्या के मामले में संयुक्त किसान मोर्चा ने संयुक्त बयान जारी किया है। मोर्चे के नेताओं बलबीर सिंह राजेवाल, डॉ दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढूनी, हन्नान मोल्ला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उगराहां, शिवकुमार शर्मा (कक्का जी), युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादवके ने जारी बयान में कहा है कि उनके संज्ञान में आया है कि पंजाब के एक व्यक्ति (लखबीर सिंह, पुत्र दर्शन सिंह, गांव चीमा कला, थाना सराय अमानत खान, जिला तरनतारन) का अंग भंग कर उसकी हत्या कर दी गई।

निहंग समूह ने ली जिम्मेदारी

किसान नेताओं ने कहा कि एक निहंग समूह/ग्रुप ने जिम्मेदारी ले ली है, और यह कहा है कि ऐसा उस व्यक्ति द्वारा सरबलोह ग्रंथ की बेअदबी करने की कोशिश के कारण किया गया। खबर है कि यह मृतक उसी समूह/ग्रुप के साथ पिछले कुछ समय से था।

कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं

संयुक्त किसान मोर्चा इस नृशंस हत्या की निंदा करते हुए यह स्पष्ट कर देना चाहता है कि इस घटना के दोनों पक्षों, इस निहंग समूह/ग्रुप या मृतक व्यक्ति, का संयुक्त किसान मोर्चा से कोई संबंध नहीं है। हम किसी भी धार्मिक ग्रंथ या प्रतीक की बेअदबी के खिलाफ हैं, लेकिन इस आधार पर किसी भी व्यक्ति या समूह को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। हम यह मांग करते हैं कि इस हत्या और बेअदबी के षड़यंत्र के आरोप की जांच कर दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दी जाए।

SHARE