पकड़े गए आरोपियों के पाकिस्तानी हथियार तस्करों से सीधे संबंध
Punjab Crime News (आज समाज), फाजिल्का : वर्तमान में पंजाब बाढ़ की मार से बेहाल है। प्रदेश के लगभग सभी जिले बाढ़ की चपेट में आए लेकिन 15 जिलों में तो बाढ़ ने पूरी तरह से तबाही मचाई। जिन जिलों में बाढ़ का प्रकोप ज्यादा रहा उनमें सरहदी जिले भी शामिल हैं। लेकिन इस प्राकृतिक आपदा के बाद भी असमाजिक तत्व अपने गैर कानूनी कार्यों को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिसका पंजाब पुलिस मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
ऐसे ही हथियार तस्करों के प्रयास को विफल करते हुए फाजिल्का पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर/फरीदकोट और एसएसओसी फाजिल्का की संयुक्त कार्रवाई में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सक्रिय एक हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 27 अवैध पिस्तौल (.30 बोर) और 470 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस तरह पाई पुलिस ने कामयाबी
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वीरवार को फाजिल्का के गांव मुहार जमशेर के नजदीक भारत-पाक सीमा के पास संयुक्त आॅपरेशन चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया, जिनकी पहचान मंगल सिंह मंगली निवासी तेजा रहेला गट्टी नं. 3 और गुरमीत सिंह निवासी गांव मुहार जमशेर थाना सदर फाजिल्का के रूप में हुई।
जांच में यह आया सामने
जांच से सामने आया है कि यह हथियार पाकिस्तान से एक विदेशी गिरोह द्वारा तस्करी कर पंजाब भेजे गए थे। इनका इस्तेमाल राज्य में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी इन हथियारों को विभिन्न आपराधिक समूहों के आॅपरेटिव्स तक पहुंचाने वाले थे। पुलिस ने बताया कि विदेशी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और पूरे मॉड्यूल का पदार्फाश करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बठिंडा में घर में धमाका, दो गंभीर
बठिंडा के गांव जीदा में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक एक घर में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सन्न रह गए। इसके कुछ देर बाद ग्रामीण जब धमाके वाले स्थान पर पहुंचे तो वहां का मंजर दहला देने वाला था। धमाका होने से घर में मौजूद पिता पुत्र खून से लथपथ थे और दर्द से कराह रहे थे। उनके शरीर पर कई जगह घाव थे। घर का सामान धमाके के कारण बिखरा हुआ था। घायलों की पहचान पिता जगतार सिंह और बेटा गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब सीएम आज लेंगे हाई लेवल मीटिंग