गिरफ्तार आरोपियों ने लुधियाना में सरकारी व प्रमुख कार्यालयों की रेकी की थी : डीजीपी
Ludhiana Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर ने काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के समन्वय से, विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर टारगेट किलिंग की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे लुधियाना-आधारित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करनबीर सिंह निवासी हैबोवाल कलां, लुधियाना तथा अवतार सिंह निवासी न्यू शिमलापुरी, मिलरगंज, लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपी अवतार सिंह का आपराधिक पृष्ठभूमि है और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट तथा आईपीसी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
विदेशी हेडलर्स के संपर्क में थे आरोपी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) से जुड़े यूके और जर्मनी आधारित हैंडलरों के संपर्क में थे और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपने हैंडलरों के निदेर्शों पर साजिश के तहत लुधियाना में सरकारी तथा प्रमुख कार्यालयों की रेकी की थी। डीजीपी ने बताया कि जांच से यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों को कुछ अन्य चिन्हित व्यक्तियों से संबंधित जानकारी एकत्र करने और जमीनी स्तर पर कार्रवाई करने का कार्य सौंपा गया था।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
इस आॅपरेशन की जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी एसएएस नगर डी सुधरविजी ने बताया कि क्षेत्र में टारगेट किलिंग की साजिश रचे जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसओसी एसएएस नगर की एक संयुक्त टीम ने काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के साथ मिलकर आॅपरेशन चलाया और दोनों आरोपियों को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अवतार सिंह के खुलासे पर उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : 6.2 किलो हेरोइन सहित नशा तस्कर गिरफ्तार


