आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए कोचिंग सेंटर भी किया जाएगा शुरू
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्थित जाट धर्मशाला में दो दो लाइब्रेरी बनेंगी। एक में जाट समाज का इतिहास उपलब्ध होगा, जबकि दूसरी आधुनिक लाइब्रेरी में विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए कोचिंग सेंटर भी शुरू किया जाएगा। यह कहना है अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र के प्रधान कृष्ण श्योकंद का। कृष्ण श्योकंद गत दिवस जींद के गांव ढाकल में आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे।
कार्यक्रम में पहुंने पर ग्रामीणों ने फूल मालाओं के साथ कृष्ण श्योकंद का स्वागत किया। इस मौके पर प्रधान कृष्ण श्योकंद ने कहा कि कुरुक्षेत्र से नशे के खिलाफ एक बड़ी मुहिम शुरू की जाएगी। युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को देखते हुए जिला और ब्लॉक स्तर पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नशे से होने वाले आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक नुकसान के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी।
मरीजों के लिए शुरू किया गया भंडारा
श्योकंद ने बताया कि धर्मशाला में निरंतर चलने वाले भंडारे के अलावा नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र में मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी भंडारे की व्यवस्था शुरू की गई है। कार्यक्रम में सहारण खाप के प्रधान साधुराम, अमित ढाकल, रोहताश प्रेमी, नसीब, रणधीर, नसीब श्योकंद, मास्टर धूप सिंह, बलदेवा कुंडू, अनुराग श्योकंद, खरक पांडव के सरपंच सुरेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।