भारत में अपने हैंडलरों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे गिरफ्तार आरोपी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : गुरदासपुर पुलिस ने संगठित नशा तस्करी गिरोह के 2 सदस्यों को 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपए की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंधी विस्तृत जानकारी चंडीगढ़ हेड ऑफिस में देते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कासिमपुर निवासी मुहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हर्षदीप सिंह उर्फ हर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीमों ने हेरोइन और ड्रग मनी बरामद करने के अलावा आरोपियों की सफेद रंग की होंडा सिटी कार (आरजे45 सीआर 2918) और हुंडई वरना कार (सीएच01ए जेड 0888) भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल वे नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए करते थे। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम भारत में अपने हैंडलरों के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए और जांच की जा रही है।
इस तरह पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
पहले मामले के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षदीप उर्फ हर्ष को गुरदासपुर के गांव चिट्टी के पास से 8 किलो हेरोइन और 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया गया था, जब वह अपनी वरना कार में हेरोइन की खेप डिलीवरी करने जा रहा था। एसएसपी ने बताया कि इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में आरोपी मुहम्मद वसीम को दीनानगर में पनियार शुगर मिल के पास नाके पर गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि उसकी होंडा सिटी कार की तलाशी के दौरान 6 पैकेटों में पैक की गई हेरोइन, जिसका वजन 3 किलो था और 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस का नशे विरुद्ध अभियान जारी
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशे के विरुद्ध अपनी मुहिम युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत 95 नशे तस्करों को गिरफ़्तार किया गया और उनके कब्जे में से 12.3 किलो हेरोइन, 160 किलोग्राम भुक्की, 321 नशीली गोलियां/ कैप्सूल और 2640 रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ सिर्फ 343 दिनों में गिरफ़्तार किए गए कुल नशे तस्करों की संख्या 48,096 हो गई है। नशा छुड़ाओ मुहिम के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने आज 29 व्यक्तियों को नशा छुड़ाओ और पुनर्वास इलाज करवाने के लिए राजी किया है।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : लक्की ओबेरॉय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी


