Punjab Crime News : 5 पिस्तौल सहित दो हथियार तस्कर काबू

0
206
Punjab Crime News : 5 पिस्तौल सहित दो हथियार तस्कर काबू
Punjab Crime News : 5 पिस्तौल सहित दो हथियार तस्कर काबू

फिलीपींस और यूएई से जुड़े हथियार सप्लाई मॉड्यूल का कपूरथला में पर्दाफाश

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़/कपूरथला : कपूरथला पुलिस ने एक हथियार सप्लाई मॉड्यूल के दो व्यक्तियों को, जिनमें से एक नाबालिग है, पांच देसी 7.65 एमएम पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके इस मॉड्यूल का पदार्फाश किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान जालंधर के गांव मेहराजवाला के रहने वाले अजय कुमार और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति फिलीपींस और यूएई में रहने वाले विदेशी हैंडलर्स के निदेर्शों पर काम कर रहे थे।

इस तरह करते थे हथियार सप्लाई

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर अपराधी गिरोहों को सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए हथियारों का इस्तेमाल क्षेत्र में गोलीबारी और जबरन वसूली की गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

आॅपरेशन से संबंधित विवरण साझा करते हुए सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) कपूरथला गौरव तूरा ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अजय कुमार को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की। उन्होंने कहा कि आगे की तफ्तीश के बाद उसके 17 वर्षीय साथी को भी गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से चार अन्य पिस्तौल बरामद किए गए।

मध्यप्रदेश से लाकर महंगे दाम पर बेचते थे हथियार

एसएसी ने कहा कि जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिमों ने मध्य प्रदेश के किसी अज्ञात व्यक्ति से 87,000 रुपये में हथियार खरीदे थे। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क को पूरी तरह बेनकाब किया जा सके।