पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और कारतूस किए बरामद, सगे भाई हैं पकड़े गए दोनों आरोपी
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर को उस समय सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने दो सगे भाईयों को नशा व हथियार तस्करी के आरोप में काबू किया। पुलिस ने दोनों को उस समय पकड़ा जब वे अपनी बाइक पर सवार होकर नशा व हथियारों की खेप की सप्लाई करने जा रहे थे।
इस दौरान जब पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और हरजीत सिंह, दोनों निवासी गांव रोखे, अजनाला (अमृतसर) के रूप में हुई है। इस दौरान पुलिस ने हथियार और नशीले पदार्थों के साथ-साथ उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया जिसपर सवार होकर वे नशा तस्करी कर रहे थे।
प्राथमिक जांच में यह आया सामने
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार के तस्कर के संपर्क में थे और उन्हें हथियार तथा गोला-बारूद की खेपें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें राज्य में आगे सप्लाई किया जाना था। आॅपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि संदिग्ध बॉबी और हरजीत को हाल ही में हथियार और गोला-बारूद की खेप प्राप्त हुई है, जिसे वे अपने मोटरसाइकिल पर अमृतसर हाईवे के बाईपास पर स्थित गांव काले घनूपुर के पास किसी अन्य सदस्य तक पहुंचाने जा रहे हैं।
इस तरह पकड़े दोनों आरोपी
डीजीपी ने बताया कि तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके के आसपास नाकाबंदी की और गांव काले घनूपुर के निकट बाईपास पर दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बाद में आरोपी बॉबी सिंह के इकबालिया बयान पर गांव भाखा तारा सिंह से 5.5 किलो हेरोइन भी बरामद की गई। डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने और मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब, चंडीगढ़ में गर्मी और लू ने किया बुरा हाल


