Mohali Crime News : आईईडी, ग्लॉक पिस्तौल सहित दो आरोपी काबू

0
160
Mohali Crime News : आईईडी, ग्लॉक पिस्तौल सहित दो आरोपी काबू
Mohali Crime News : आईईडी, ग्लॉक पिस्तौल सहित दो आरोपी काबू

पंजाब पुलिस ने राज्य में बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम

Mohali Crime News (आज समाज), चंडीगढ़/मोहाली : स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर ने एक विदेशी-आधारित आतंकी मॉड्यूल के दो सदस्यों को लगभग 2.5 किलोग्राम वजन वाली पूरी तरह असेंबल आरडीएक्स से भरी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), एक ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है तथा एक बड़ी आतंकी साजिश को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है।

यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान महावीर कुमार उर्फ काका निवासी गांव कलाम, एसबीएस नगर (वर्तमान पता घनौली, रूपनगर) और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी गांव कलाम, एसबीएस नगर के रूप में हुई है। बरामद की गई आईईडी दोहरे विस्फोटक तंत्र — रिमोट और टाइमर — से लैस थी।

विदेशी हैंडलरों के इशारे पर कर रहे थे काम

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और खेप प्राप्त करने के बाद उन्होंने आईईडी को एसबीएस नगर बाईपास के पास छिपा दिया था तथा लक्ष्य संबंधी आगे के निदेर्शों की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह उपकरण पूरी तरह असेंबल था और इस्तेमाल के लिए तैयार था, जो जन सुरक्षा के लिए एक बड़े खतरे को दर्शाता है। डीजीपी ने बताया कि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने तथा सप्लाई चेन और फंडिंग लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

इस आॅपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी एसएएस नगर दीपक पारीक ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने जिला एसबीएस नगर से संदिग्ध महावीर उर्फ काका और उसके साथी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के समय महावीर उर्फ काका के कब्जे से एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई।

एआईजी ने बताया कि लगातार पूछताछ के दौरान महावीर ने खुलासा किया कि उसने आईईडी वाली एक खेप प्राप्त की थी, जिसे उसने एसबीएस नगर बाईपास के पास छिपा दिया था और वह लक्ष्य के बारे में आगे के निदेर्शों की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपी के खुलासे पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने बताए गए स्थान से आईईडी और एक रिमोट कंट्रोल डिवाइस बरामद किया।