Trump-Xi Summit Live: ट्रंप और शी जिनपिंग ने बीजिंग में अहम मुद्दों पर की चर्चा

0
59
Trump-Xi Summit Live
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग।

Trump-Xi Summit Live, (आज समाज), बीजिंग: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग ने बीजिंग में मुलाकात की है। दोनों वर्ल्ड लीडर ने इस दौरान उन अहम मुद्दों पर चर्चा की, जो इन दोनों महाशक्तियों के बीच मतभेद पैदा करते हैं। इन मुद्दों में व्यापार, अमेरिका के ताइवान के साथ संबंध और ईरान में चल रहा युद्ध वगैरह शामिल हैं। शी ने ट्रंप का पूरे मान-सम्मान और भव्यता के साथ स्वागत किया।

ट्रंप ने किया ‘टेंपल ऑफ़ हेवन’ का दौरा 

बीजिंग स्थित ‘ग्रेट हॉल ऑफ़ द पीपल’ में ट्रंप और शी के बीच मुलाकात हुई। ‘ग्रेट हॉल ऑफ़ द पीपल’  तियानमेन स्क्वायर के पश्चिमी हिस्से में स्थित एक ऐसा केंद्र है जहां महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह भव्य स्वागत दुनिया की इन दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच मौजूद गहरे तनाव को छिपाने वाला प्रतीत होता है। इसके बाद दोनों नेता एक द्विपक्षीय बैठक के लिए आगे बढ़े। इस बैठक से पहले ट्रंप ने ‘टेंपल ऑफ़ हेवन’ का दौरा किया।

15वीं सदी का धार्मिक परिसर है ‘टेंपल ऑफ़ हेवन’

‘टेंपल ऑफ़ हेवन’ 15वीं सदी का एक धार्मिक परिसर है जो स्वर्ग और पृथ्वी के बीच के संबंध का प्रतीक माना जाता है। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के लिए बुधवार रात बीजिंग पहुंचे ट्रंप, शी के साथ एक राजकीय भोज में भी शामिल होंगे। अमेरिकी नेता के प्रतिनिधिमंडल में शीर्ष सीईओ समेत कई शीर्ष व्यवसायी भी शामिल हैं। शीर्ष सीईओ में Nvidia के जेन्सेन हुआंग और Tesla के एलन मस्क शामिल हैं। उनके आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

शी के साथ मुलाकात के लिए बेहद उत्सुक ट्रम्प

रिपब्लिकन राष्ट्रपति (ट्रंप) ने शी से मुलाकात से पहले कहा था कि उन्हें शी से एक बड़ी और गर्मजोशी भरी झप्पी मिलने की उम्मीद है। उन्हें विश्वास है कि चीनी नेता के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध काफी मजबूत हैं। वही चीनी नेता जिनके बारे में ट्रंप ने तारीफ करते हुए कहा था कि वे चीन पर लोहे की मुट्ठी (कठोरता) से शासन करते हैं। उनकी प्राथमिकताओं की सूची में सबसे ऊपर कृषि, विमानन और अन्य क्षेत्रों से जुड़े व्यापारिक सौदे होंगे।

ये भी पढ़ें : Donald Trump China Visit : ईरान मुद्दे पर हमें चीन की मदद नहीं चाहिए : ट्रंप