Trump Accounts: अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को 1,000 डॉलर देगी ट्रम्प सरकार

0
615
Trump Accounts: अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को 1,000 डॉलर देगी ट्रम्प सरकार
Trump Accounts: अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को 1,000 डॉलर देगी ट्रम्प सरकार

बच्चों के नाम से खुलेगा स्पेशल अकाउंट, उसी में जमा होगी रकम
Trump Accounts, (आज समाज), नई दिल्ली: अमेरिका में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को ट्रम्प सरकार द्वारा 1000 डॉलर यानी की 92 हजार रुपए दिए जाएगे। बच्चों के नाम एक स्पेशल अकाउंट खोला जाएगा। इस स्पेशल अकाउंट में ही यह रकम सरकार की ओर से जमा की जाएगी। इस योजना को ट्रम्प अकाउंट कहा जाता है।

व्हाइट हाउस के मुताबिक, यह एक टैक्स-फ्री सेविंग अकाउंट होगा, जिसमें सरकार बच्चों के भविष्य के लिए शुरूआती निवेश करेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2 दिसंबर, 2025 को व्हाइट हाउस में डेल टेक्नोलॉजीज के सीईओ माइकल डेल और उनकी पत्नी सुसान डेल के साथ ट्रम्प अकाउंट की घोषणा थी। अब इसे अमेरिका की बड़ी-बड़ी कंपनियों का समर्थन मिलने लगा है।

इन बच्चों को मिलेगा लाभ

इस खाते में जमा रकम शेयर बाजार में निवेश की जाएगी ताकि समय के साथ यह बढ़ सके। इस योजना का लाभ उन बच्चों को मिलेगा जो 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 के बीच अमेरिका में पैदा होंगे। इससे हर साल करीब 36 लाख नवजात बच्चों को फायदा होगा।

योजना का उद्देश्य

इसका मकसद बच्चों को जन्म से ही वित्तीय शुरूआत देना और लंबे समय तक निवेश के जरिए धन बढ़ाना है। ताकि वे 18 साल की उम्र में पढ़ाई, बिजनेस शुरू करने, घर खरीदने या अन्य जरूरतों के लिए फंड का इस्तेमाल कर सकें।

ये कंपनियां आई योजना के समर्थन में

जेपी मॉर्गन चेस के सीईओ जेमी डाइमोन ने कहा कि उनकी कंपनी लंबे समय से अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए काम करती रही है। उन्होंने कहा कि इस योगदान से कर्मचारियों को जल्दी बचत शुरू करने और अपने परिवार के भविष्य की योजना बनाने में मदद मिलेगी। बैंक आॅफ अमेरिका ने भी कहा है कि वह सरकार के 1,000 डॉलर के योगदान के बराबर राशि अपने योग्य कर्मचारियों के बच्चों के खातों में डालेगा। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों को यह सुविधा देगा।

इंटेल ने कहा है कि वह भी अपने कर्मचारियों के बच्चों के खातों में सरकार के बराबर राशि जमा करेगा। वीजा ने घोषणा की है कि वह अपने क्रेडिट कार्ड धारकों को उनके रिवॉर्ड पॉइंट्स के जरिए ट्रम्प अकाउंट में पैसा जमा करने की इजाजत देगा। इसके अलावा, टर्निंग पॉइंट यूएसए संगठन की सीईओ एरिका किर्क ने कहा है कि उनका संगठन भी अपने कर्मचारियों के नवजात बच्चों के लिए सरकार के 1,000 डॉलर के योगदान के बराबर राशि देगा।

बच्चे के 18 साल का होने पर निकाल सकेंगे पैसे

चार्ल्स श्वाब, ब्लैकरॉक, बीएनवाईचार्टर कम्युनिकेशंस जैसी कंपनियों ने भी पहले ही इस योजना के समर्थन का ऐलान कर दिया है। ट्रेजरी डिपार्टमेंट के एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रम्प ने अन्य अमेरिकी कंपनियों से भी अपील की कि वे अपने कर्मचारियों के ट्रम्प अकाउंट में योगदान करें।

ट्रम्प प्रशासन के मुताबिक, 4 जुलाई से परिवार ट्रम्प अकाउंट में पैसा जमा करना शुरू कर सकेंगे। सरकार की 1,000 डॉलर की राशि के अलावा, हर साल एक बच्चे के खाते में अधिकतम 5,000 डॉलर तक जमा किए जा सकेंगे। आमतौर पर बच्चे के 18 साल का होने से पहले इस खाते से पैसा नहीं निकाला जा सकेगा।

अमीरों को फायदा, गरीबों को नुकसान

आलोचकों का कहना है कि यह कार्यक्रम शुरूआती सालों में बच्चों की मदद नहीं करता, जब वे सबसे ज्यादा गरीबी और कमजोरी में होते हैं। ट्रम्प टैक्स बिल में ही फूड असिस्टेंस और मेडिकेड जैसी योजनाओं में कटौती की गई है। अमीर परिवार ज्यादा योगदान देकर ज्यादा फायदा उठाएंगे, जबकि गरीब परिवार कम योगदान दे पाएंगे और कम लाभान्वित होंगे। 92 हजार के सरकारी धन पर 7% सालाना रिटर्न मानें तो 18 साल बाद यह लगभग 3,10,960 रुपये हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: यूपी के सीएम पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने बोला हमला, कहा- योगी 40 दिन में हिंदू होने का प्रमाण दें