करनाल नगर निगम में चपरासी के पद पर कार्यरत था बलबीर
Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के करनाल में आज हुए सड़क हादसे में नगर निगम कर्मचारी की मौत हो गई। यहां पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार व्यक्ति को कुचल दिया। मृतक की पहचान जटपुरा निवासी 55 वर्षीय बलबीर सिंह के रूप में हुई है। वह करनाल नगर निगम में पिछले करीब 10 से 12 साल से चपरासी के पद पर कार्यरत था। बलबीर कौशल रोजगार योजना के तहत निगम में अपनी सेवाएं दे रहा था। सूचना मिलते ही डायल-112 की ईआरवी 413 टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी ड्राइवर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिसकर्मी रमेश ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। साथ ही मृतक के परिवार की ओर से दिए जाने वाले बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है। जांच जारी है।
परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे
बलबीर सिंह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। उसकी बेटी की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। परिजनों ने बताया कि बलबीर रोज की तरह काम से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में अफसरों के हेडक्वार्टर छोड़ने पर रोक
ये भी पढ़ें: पंजाब और हरियाणा में पानी विवाद गहराया