कहा, देश की जीडीपी विकास दर नई ऊर्जा और बदलते आर्थिक माहौल का प्रतीक
PM Modi News (आज समाज), नई दिल्ली : भारत की तेजी से बढ़ती विकास दर पर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया आज भारत को ग्लोबल ग्रोथ ड्राइवर के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव और बदलते वैश्विक परिवेश के बीच भारत की यह उपलब्धि असमान्य है। भारत की अर्थव्यवस्था उस समय तेजी से ग्रोथ कर रही है जिस समय विश्व के अधिकांश देश आर्थिक मंदी के डर के साये में हैं और आर्थिक विकल्पों की तलाश में जुटे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जीडीपी आंकड़ों में दर्ज 8% ग्रोथ देश की नई ऊर्जा और बदलते आर्थिक माहौल का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती भूमिका और मजबूत मैक्रोइकॉनॉमिक संकेतों का सबूत हैं। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि आने वाले 10 वर्षों में भारत को गुलामी की मानसिकता से पूरी तरह मुक्त करना होगा। उन्होंने कहा कि आज देश का हर क्षेत्र उपनिवेशवादी सोच से बाहर निकलकर नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
हमारा ग्रोथ रेट सबको हैरान कर रहा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए बताया कि जब पूरी दुनिया की ग्रोथ रेट लगभग 3% है और जी-7 देशों की औसत ग्रोथ करीब 1.5%, ऐसे माहौल में भारत लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कभी हमारे देश में महंगाई चिंता का विषय हुआ करती थी, लेकिन आज अर्थशास्त्री भारत की ह्यलो इंफ्लेशनह्ण नीति की चर्चा करते हैं। यह बदलाव सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि भारत की क्षमता और समस्याओं को हल करने की शक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह परिवर्तन नई उम्मीदों, नए आत्मविश्वास और नए भारत के उभरते हुए स्वरूप को दर्शाता है।
देश का हर क्षेत्र विकास में शामिल
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारे छोटे शहर स्टार्टअप्स नए हब बन रहे हैं। देश का हर क्षेत्र अपनी पूरी क्षमता के साथ विकास यात्रा में शामिल हो रहा है। उन्होंने भारत की अनछुई क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक देश की एक बड़ी क्षमता का उपयोग नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा जब इस अनछुई क्षमता को अवसर मिलते हैं और बिना बाधा के यह देश के विकास में भाग लेती है, तब परिवर्तन अवश्यंभावी हो जाता है। आज भारत इसी दृष्टि के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने बताया कि आज पूर्वी भारत में अभूतपूर्व पैमाने पर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और उद्योगों में निवेश हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे कस्बों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Goa Cylinder Blast : गोवा में नाइट क्लब में फटा सिलेंडर, 23 की मौत
ये भी पढ़ें : Indigo Flight Crisis : 800 से ज्यादा उड़ान हुई रद, हवाई अड्डों पर बिगड़ रहे हालात


