जानें सभी राशियों का आज का राशिफल
Panchang And Rashifal, (आज समाज), नई दिल्ली: 07 दिसंबर 2025 को पौष माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि है। इस तिथि पर पुनर्वसु नक्षत्र और शुक्ला योग का संयोग बन रहा है। दिन के शुभ मुहूर्त की बात करें तो रविवार को अभिजीत मुहूर्त 11:51-12:32 मिनट रहेगा। राहुकाल शाम 16:03-17:19 मिनट तक रहेगा। चंद्रमा मिथुन राशि में संचरण करेंगे। आज मिथुन राशि में चंद्रमा और देव गुरु बृहस्पति की युति हो रही है। इससे पावरफुल गजकेसरी राजयोग का निर्माण हो रहा है। यह योग व्यक्ति के जीवन में सुख, समृद्धि और करियर में तरक्की लेकर आता है। इससे मेष, मिथुन, सिंह सहित कई राशियों को धन-संपत्ति और समाज में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी।

राशिफल

  • मेष: मेष राशि वालों के कार्यक्षेत्र में कुछ परिवर्तन हो सकते हैं। ये परिवर्तन आपके पक्ष में रहेंगे। आज का दिन परोपकार में व्यतीत होगा। कार्यक्षेत्र का माहौल सामान्य बना रहेगा। सहयोगियों का पूरा समर्थन मिलेगा। पत्नी के स्वास्थ्य पर थोड़ा ध्यान देना होगा। रात में पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
  • वृष: आज का दिन पारिवारिक जनों के साथ सुखद बीतेगा। भाग्य का साथ मिलेगा और दोपहर तक हर्ष वर्धक शुभ समाचार भी मिल सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। सायंकाल के समय चिर प्रतीक्षित अतिथि के आगमन से आपका मन प्रसन्न होगा। रात्रि में किसी मांगलिक कार्य में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा। इससे आपका सम्मान भी बढ़ेगा।
  • मिथुन: मिथुन राशि के जातकों को आज किसी बहुमूल्य वस्तु की प्राप्ति हो सकती है। पिता के आशीर्वाद और उच्चाधिकारियों की कृपा से संपत्ति की प्राप्ति की अभिलाषा आज पूरी होगी। काम-काज में व्यस्तता अधिक रहेगी। आज व्यर्थ के खर्चों से बचें। शाम से लेकर रात तक तेज चलने वाले वाहनों का प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। प्रिय लोगों के दर्शन से मनोबल बढ़ेगा। पत्नी पक्ष से भी आपको समर्थन मिलेगा।
  • कर्क: राशि स्वामी की उत्तम स्थिति एवं राशि पर बृहस्पति का मिथुन में होकर परिभ्रमण अकस्मात बड़ी मात्रा में धन की प्राप्ति कराएगा। इससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस दौरान व्यावसायिक योजनाओं को गति मिलेगी। आपके मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जल्दबाजी में लिया गया निर्णय आगे चलकर पश्चाताप का कारण बन सकता है। शाम के समय देव दर्शन का लाभ मिलेगा।
  • सिंह: सिंह राशि के जातकों को राजनीतिक क्षेत्र में अप्रत्याशित रूप से सफलता मिलेगी। संतान के प्रति दायित्व भी आज के दिन पूरे होंगे। प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे। लंबे समय से रुका हुआ कार्य भी आज सम्पन्न होगा। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ा सतर्क रहना होगा। आज के दिन पाचन या आंखों से संबंधित कोई परेशानी हो सकती है। सायंकाल से लेकर रात्रि का समय प्रियजनों के साथ हास्य परिहास में बीतेगा। इस दौरान आपको खान-पान का विशेष ध्यान रखना होगा।
  • कन्या: कन्या राशि के जातक अगर आज अपने काम में तत्परता दिखाएंगे, तो आपको उससे अच्छा मुनाफा मिलेगा। इस दौरान परिवार के लोगों का भी साथ मिलेगा। परिवार में किसी मंगल कार्य के आयोजन से खुशी मिलेगी। रचनात्मक कार्यों में मन लगेगा। विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होने पर आपको क्रोध पर काबू रखना होगा। घर-परिवार में चल रही किसी समस्या का हम निकलेगा। राजकीय मदद भी मिलती हुई दिख रही है। सूर्यास्त के समय अचानक लाभ के योग बनेंगे।
  • तुला: आज शिक्षा व प्रतियोगिता के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि मिलने के योग बन रहे हैं। इस दौरान भाग्य का साथ मिलेगा और आय के नये स्रोत बनेंगे। प्रभावशाली ढंग से बोलने की आपकी कला आपको विशेष सम्मान दिलाएगी। भागदौड़ अधिक रहने के कारण मौसम का विपरीत प्रभाव स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में आपको सावधान रहना होगा। जीवन साथी का सहयोग व सानिध्य पर्याप्त मात्रा में मिलेगा। यात्रा आपके लिए सुखद अनुभव लेकर आएगी।
  • वृश्चिक: आज आपका आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। ऐसे में धन, सम्मान, यश, कीर्ति की वृद्धि होगी। रुका हुआ कार्य सिद्ध होता दिख रहा है। प्रियजनों से लंबे समय बाद भेंट हो सकती है। हालांकि, आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। ऐसा न करने पर विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। रात के समय सैर-सपाटे और मौज मस्ती का अवसर प्राप्त होगा।
  • धनु: आज के दिन घर की जरूरत की चीजों पर अधिक धन का खर्चा हो सकता है। सांसारिक सुख भोग के साधनों में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में कर्मचारी या किसी करीबी के कारण तनाव बढ़ सकता है। रुपये पैसे के लेन-देन में सावधानी बरतें। धन के फंसने के योग दिख रहे हैं। दिन के समय कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने पड़ सकते हैं। हालांकि, अंत में आपकी ही विजय होगी। आपके विरूद्ध किए जा रहे षड़यंत्र विफल हो जाएंगे।
  • मकर: आज व्यावसायिक क्षेत्र में मन के अनुकूल लाभ मिलेगा। आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक बेहतर होगी। व्यवसाय परिवर्तन की योजना भी बन सकती है। प्रतियोगी परीक्षा में सफलता और पारिवारिक उत्तरदायित्व पूर्ण होंगे। सायंकाल में धार्मिक स्थानों की यात्रा का प्लान बनकर स्थगित हो जाएगा। इस दौरान वाहन का प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। अचानक वाहन के खराब हो जाने से खर्च बढ़ सकता है।
  • कुंभ: राशि स्वामी शनि की मध्यम स्थिति के कारण पत्नी को अकस्मात शरीर कष्ट हो सकता है। इस कारण आपको भागदौड़ करनी पड़ेगी और खर्चे भी अधिक होंगे। किसी संपत्ति को खरीदते या बेचते समय सतर्क रहें और उसके सभी संवैधानिक पहलुओं पर गंभीरता से विचार कर लें। सायंकाल के समय पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार होगा। हालांकि, पूरी तरह से ठीक होने में थोड़ा समय लगेगा।
  • मीन: मीन राशि के जातकों का वैवाहिक जीवन आनन्द दायक बीतेगा। आज पास व दूर की यात्रा पर जाना पड़ सकता है। बिजनेस में मिल रही सफलता से आपको काफी खुशी होगी। इस दौरान विद्यार्थियों को मानसिक भार से छुटकारा मिलेगा। सायंकाल के समय घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इस दौरान आपका दिमाग रिलेक्स रहेगा। माता-पिता की सलाह-आशीर्वाद आपके लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

ये भी पढ़ें: अखुरथ संकष्टी चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं ये भोग