• वीर शहीदों को किया नमन, तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब

Tiranga Yatra (आज समाज) जींद। आजादी के अमृत काल और स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पूरे देश में जारी हर घर तिरंगा अभियान के तहत जींद विधानसभा के गांव मनोहरपुर में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा की अगुवाई हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने की। तिरंगा यात्रा में गांव के पुरूष, महिलाएं एवं युवाओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया और देशभक्ति के नारे लगाकर गलियों को गुंजाएमान कर दिया।

डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने यात्रा के समापन पर उपस्थित नागरिकों को संबोन्धित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पूरे देश एवं प्रदेश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।

तिरंगा हमारी शान, इसका सम्मान हमारा कर्तव्य

पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा हुआ है। तिरंगा हमारी शान है, इसका सम्मान हमारा कर्तव्य है।  यह यात्रा राष्ट्रभक्ति, एकता और तिरंगे के सम्मान का सशक्त प्रतीक है। हमारे देश के बहादुर सैनिक तिरंगे की आन बान शान को कायम रखने के लिए सर्दी, गर्मी, बारिश में सीमाओं पर तैनात रहते हैं और देश की रक्षा करते हैं। हमें हमारे सैनिकों पर गर्व है। अभी हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के जरिये हमारे जाबांज सैनिकों ने दुश्मन को मुहतोड़ जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि आज का भारत युवा शक्ति, एकता और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण है।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। तिरंगा हमारी शान है और यह भावना प्रत्येक नागरिक के हृदय में बसनी चाहिए। भारत युवाओं का देश है और जब कोई युवा देश के लिए स्वयं को समर्पित करता है तो भारत की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना है।

14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहरा कर शहीदों के बलिदान को नमन करें

इस यात्रा के माध्यम से लोग अपने घरों पर तिरंगा फहरा कर और स्वतंत्रता दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के बलिदानों को स्मरण करते हैं। उन्होंने अपील की कि 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहरा कर शहीदों के बलिदान को नमन करें और अभियान से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया व हरघरतिरंगाडॉटकॉम पर साझा करते समय हैश टैग का प्रयोग करें ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।

उन्होंने कहा कि यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि बचपन से ही बच्चों में देश की एकता और अखंडता का महत्व समझाने के संस्कार डालें। यदि बच्चों को प्रारंभ से ही हमारे शहीदों और सैनिकों के त्याग और साहस की कहानियां सुनाई जाएंगी तो उनके मन में सम्मान और गर्व की भावना पनपेगी और यही बच्चे बड़े होकर राष्ट्र का गौरव बनेंगे।

यह भी पढ़े : Jind News : पर्ची वाले केबिन में बैठ लिख दी एमरजेंसी मरीज की दवाई, सीएमओ से की शिकायत