Amritsar Crime News : अमृतसर में छह पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार

0
162
Amritsar Crime News : अमृतसर में छह पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार
Amritsar Crime News : अमृतसर में छह पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार

सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे जा रहे थे अवैध हथियार : डीजीपी

Amritsar Crime News  (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े तीन आरोपियों को छह आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा (30) निवासी गांव काजीकोट, तरनतारन, प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24) निवासी आॅर्किड वैली, छेहरटा, अमृतसर और गौरव राणा (25) निवासी गुरु नानक एवेन्यू, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में दो चीन निर्मित .30 बोर पिस्तौल, एक जिगाना .30 बोर पिस्तौल और तीन अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

शुरुआती जांच में यह आया सामने

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि अवैध हथियार सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे थे और आरोपी इन खेपों को प्राप्त कर अपराधियों को सप्लाई करते थे। डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के लिंक स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

इस आॅपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध मंगल सिंह उर्फ मंगा को एक .30 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। उसके खुलासे के आधार पर सह-आरोपी प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू और गौरव राणा को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से पांच और पिस्तौल बरामद किए गए। सीपी ने बताया कि आरोपी प्रणव उर्फ लड्डू और गौरव राणा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपी बंदूक की नोक पर लूटपाट के मामले में थाना रणजीत एवेन्यू में दर्ज केस में भी वांछित थे।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : कांग्रेस और अकालियों ने गरीबों से उनके अधिकार छीने : मान