बारिश के बाद हरियाणा के अधिकतम तापमान में 7.9 डिग्री सेल्सियस की आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 जिलों में लू चलने का ओरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है, जिन जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वह राज्स्थान से सटे हुए है। ओरेंज अलर्ट वाले जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी व महेंद्रगढ़ शामिल है। वहीं रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक व जींद में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश की भी संभावना जताई है। जिन जिलों में बारिश हो सकती है। उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल शामिल है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए बारिश का पूवार्नुमान जारी किया है।

24 मई को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम व फरीदाबाद में बरसात हो सकती है। 25 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर व जींद में बरसात की संभावना है। 26 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व चरखी दादरी में बारिश हो सकती है।

सिरसा रहा सबसे गर्म जिला

हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 7.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम पहुंच गया। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।